अजमेर। सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में 815वें सालाना उर्स की तैयारियां तेज हो गई हैं। उर्स की परंपरागत शुरुआत के प्रतीक झंडे की रस्म 6 दिसंबर को दरगाह के बुलंद दरवाजे पर अदा की जाएगी। इसके साथ ही अजमेर में देश-विदेश से आने वाले जायरीन की आमद का सिलसिला तेज होने की उम्मीद है।
शहर काजी मौलाना तौसीफ अहमद सिद्दीकी ने बताया कि मुस्लिम कैलेंडर के अनुसार जमादिल आखिर महीने की 25 तारीख को प्रत्येक वर्ष उर्स का झंडा चढ़ाने की परंपरा है। इस बार यह रस्म 6 दिसंबर को होगी। बुलंद दरवाजे पर पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ झंडा चढ़ाए जाने के बाद उर्स की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।
दरगाह के 2026 के कार्यक्रम के अनुसार, रजब महीने का चांद दिखाई देने पर 11 दिसंबर से उर्स की विधिवत शुरुआत होगी। इसी दिन जन्नती दरवाजा खोला जाएगा। 16 दिसंबर को छठी शरीफ की सालाना फातिहा होगी, जबकि 18 दिसंबर को नमाज-ए-जुमा और 19 दिसंबर को बड़े कुल की रस्म के साथ उर्स का समापन होगा।
दरगाह परिसर में शुरू हुआ रंग-रोगन
815वें उर्स को लेकर दरगाह परिसर की ऐतिहासिक इमारतों को सजाने-संवारने और रंग-रोगन का काम शुरू हो गया है। बुलंद दरवाजे को भी विशेष रूप से संवारा जा रहा है। उर्स में लाखों जायरीन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ठहरने, पेयजल, साफ-सफाई, रोशनी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्थाएं महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उर्स की तैयारियों को लेकर दरगाह से जुड़ी संस्थाओं और प्रशासन के बीच बैठकों का दौर जारी है। हालांकि, कुछ खादिमों ने जायरीन की सुविधाओं और मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर नाराजगी भी जताई है। उनका कहना है कि दरगाह के आसपास की सड़कों, सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
ख्वाजा गरीब नवाज का सालाना उर्स धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव का भी बड़ा प्रतीक माना जाता है। उर्स के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी जायरीन अजमेर पहुंचकर दरगाह में जियारत करते हैं और मजार शरीफ पर चादर पेश कर अमन-चैन एवं खुशहाली की दुआ मांगते हैं।



