डीग में जमीन विवाद ट्रेक्टर से कुचलकर नागा साधु की हत्या, भतीजा गंभीर घायल

0

डीग। राजस्थान के डीग जिले में जमीन के विवाद को लेकर नागा साधु की मौत का मामला सामने आया है। कुम्हेर और अधईया खुर्द गांव के बीच करीब आधा बीघा जमीन को लेकर हुए विवाद में ट्रैक्टर की चपेट में आने से नागा साधु अमर दास (55) की मौत हो गई, जबकि उनके भतीजे गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बताया जा रहा है।

मृतक अमर दास का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं घायल गौरव को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकीय निगरानी में उपचार किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब अमर दास अपने भतीजे गौरव के साथ किसी घरेलू काम से अधईया खुर्द से कुम्हेर जा रहे था। घायल गौरव के मुताबिक रास्ते में गांव के ही नरेंद्र और उसके परिवार के लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठियों से हमला बोल दिया।

मारपीट के दौरान जब अमर दास लहूलुहान होकर गिर पड़े, तो आरोपी नरेंद्र ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल गौरव ने किसी तरह फोन कर अपने परिजनों को घटना की सूचना दी।

मौके पर पहुंचे परिवार के लोग दोनों को तुरंत कुम्हेर अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने अमर दास को मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि नरेंद्र और उसके परिजन उनकी आधा बीघा पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते थे, जिसका विरोध करने पर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।

जमीन विवाद को लेकर चल रहा था तनाव

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच करीब आधा बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। घायल के बयान, घटनास्थल के साक्ष्य और जमीन विवाद से जुड़े पुराने घटनाक्रम को जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना अचानक हुए विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे पहले से चली आ रही रंजिश की भूमिका थी।