चूरू। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने चूरू में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में सहायक प्रोग्रामर और सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कार्यालय में ब्लॉक वरिष्ठ सहायक के लिए बुधवार को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते एक निजी व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने ब्यूरो की चूरू इकाई में शिकायत की कि राज्य सरकार द्वारा डॉ सवेता बेन अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत मिलने वाली 10 लाख रुपए की सहायता राशि में से प्रथम किस्त के रूप में ढाई लाख रुपए स्वीकृत करवाकर दूसरी किस्त दिलवाने की एवज में सहायक प्रोग्रामर विजय खैरीवाल, वरिष्ठ सहायक कुलदीप अलडिया एक निजी व्यक्ति बलबीर बीग्गा के जरिए उससे 35 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शिकायत के सत्यापन के दौरान बिग्गा ने परिवादी से 20 हजार रुपए ले लिए। शिकायत की पुष्टि होने के बाद ब्यूरो की चूरू इकाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में ब्यूरो के दल ने जाल बिछाकर बीग्गा को परिवादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।



