एसपी कार्यालय के बाहर कांग्रेस का धरना, दो घंटे बाद पहुंचे पुलिस अधीक्षक

0

नगर निगम की फाइलें और दस्तावेज ले जाने के मामले में FIR की मांग
अजमेर। नगर निकाय चुनाव के बीच अजमेर में नगर निगम से जुड़ी फाइलों और दस्तावेजों को कथित रूप से ले जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस ने इस प्रकरण को लेकर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना देकर विरोध जताया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी मांग पर डटे रहे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी के साथ सुंदरकांड, रामधुनी और हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि 16 सितंबर की रात आदर्श आचार संहिता लागू होने के दौरान पुराने नगर निगम कार्यालय से फाइलें और महत्वपूर्ण दस्तावेज वाहनों में भरकर ले जाए गए। कांग्रेस ने इसे नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया को प्रभावित करने वाला गंभीर मामला बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

इसी मांग को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एसपी कार्यालय पहुंचे। वहां पुलिस अधीक्षक के मौजूद नहीं मिलने पर कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई। कांग्रेस नेताओं ने कार्यालय के बाहर ही धरना शुरू कर दिया और एसपी के मौके पर पहुंचकर शिकायत लेने तक आंदोलन जारी रखने की घोषणा की।

धूप में डटे रहे कार्यकर्ता

प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारी कांग्रेस नेताओं से बातचीत करने पहुंचे। थानाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि मामले में लिखित शिकायत लेकर तत्काल कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाए।

धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय के बाहर सुंदरकांड, रामधुनी और हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक कार्यकर्ता गर्मी और धूप के बीच धरनास्थल पर बैठे रहे।

एसपी के पहुंचने पर सौंपा ज्ञापन

लगातार विरोध के बाद करीब दो घंटे पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने उन्हें पूरे प्रकरण को लेकर लिखित शिकायत सौंपी और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी की ओर से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को शिकायत पर नियमानुसार निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व सांसद प्रत्याशी रामचन्द्र चौधरी, गोपाल बाहेती, महेंद्र सिंह रलावता, विजय जैन, राजेश टंडन, प्रताप यादव, विवेक पाराशर, फखरे मोइन, नवदीप टुटेजा, सुनील लारा, शैलेश गुप्ता, लक्ष्मी बुंदेल, मुकेश डेनवाल, सुरेंद्र गुर्जर, अनुपम शर्मा, चंद्रेश सुनिया, शैलेंद्र अग्रवाल, सौरभ यादव, अजीज चीता, राजेश गोरा, नकुल खंडेलवाल, हरपाल छाबड़ा, मोहसिन खान, डॉ. रमेश गहरवाल, भूपेंद्र चौहान, करतम मीणा, मंजूर अली, बृजेश पांडे, आशीष राजोरिया, राजेश ईनाणी, राजेंद्र सिंह राठौड़, ओम प्रकाश गुर्जर, गंगा सिंह रावत, मुकेश सबलानिया, देशराज मेहरा, सुमित मित्तल, रिषभ मेघवंशी, भोला धानका, आरिफ खान, भरत ढोलखेड़िया, कांति शर्मा और रिषभ निर्वाण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।