अजमेर। राजस्थान हाईकोर्ट को मिले धमकी भरे ई मेल के बाद मंगलवार को अजमेर सत्र न्यायालय में सुरक्षा एजेंसियों सहित पुलिस और खुफिया दल ने आधुनिक यंत्रों और खोजी श्वानों की मदद से न्यायालय परिसर को पूरी तरह से खंगाल डाला।
सूत्रों ने बताया कि हाल ही में अजमेर से गिरफ्तार आतंकी आरोपी अली अकबर के आतंकी संगठनों से संपर्क को गम्भीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक उच्च न्यायालय को मिले बम धमाके की धमकी के मेल को गम्भीरता से देखने के निर्देश प्राप्त हुए थे।
पुलिस के साथ पहुंची सुरक्षा एजेंसी, खुफिया विभाग के दल ने न्यायालय परिसर को पूरी तरह खाली करवाया और गहन पड़ताल की। जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर पुलिस और तमाम लोगों ने राहत की सांस ली।



