अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में तिलकपुर गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान बुधवार को दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे कई महिला और पुरुष घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तिलकपुर गांव स्थित हरचंद दास बाबा मंदिर परिसर में 22 जून से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। कथा में राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी दौरान शाम को एक युवक की मोटर साइकिल कथा स्थल के पास लगी कुर्सियों से टकरा गई, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई।
उस समय युवक को समझाकर वहां से भेज दिया गया, लेकिन कुछ देर बाद वह अपने परिजनों और अन्य लोगों के साथ वापस आया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि लाठी-डंडों और हॉकी से हमला किया गया।
अनुसूचित जाति समाज के लोगों का आरोप है कि हमले में उनके समाज के अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। घायल विनोद कुमार पुत्र पांच्याराम की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसके माथे पर गंभीर चोट आयी है। सभी घायलों का मेडिकल करवाया गया है।
घटना के बाद अनुसूचित जाति समाज के लोगों ने लक्ष्मणगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। अनुसूचित जाति समाज के लोगों का यह भी कहना है कि विवाद करने वाला युवक शराब के नशे में था। दूसरी ओर गुर्जर समाज के लोगों का कहना है कि पहले उनके युवक के साथ हाथापाई की गयी, जिसके बाद विवाद बढ़ा। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।



