अलवर में महिला ने 4 साल की बेटी की हत्या के बाद आत्महत्या का किया प्रयास

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में पुराना राजगढ़ में शुक्रवार को एक महिला ने अपनी ही पुत्री की हत्या करने के बाद खुद पर धारदार हथियार से वार करके आत्महत्या करने का प्रयास किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह जब परिजनों ने बच्ची को स्कूल के लिए जगाया तब घटना का पता लगा। जिस पर परिजन मां, बेटी को राजगढ़ चिकित्सालय लाये, जहां चिकित्सकों ने गरिमा सैनी (4) को मृत घोषित कर दिया और शीला सैनी को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर भेज दिया।

सूचना पर राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीना जाप्ते के साथ राजगढ़ चिकित्सालय पहुंचे। जहां घटना की जानकारी ली और शव पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के शवगृह में रखवा दिया।

मृतका के ताऊ सूरज सैनी ने बताया कि वे सब एक ही मकान में रहते हैं। आज सुबह करीब छह बजे उसके भाई संतोष के बच्चों को स्कूल जाने के लिए आवाज लगाई तो कई आवाज देने के बाद उसके भाई की पत्नी शीला ने दरवाजा खोला तो देखा कि शीला के हाथ कटे हुए थे और चोट के निशान थे। वहीं पर गरिमा बेहोश पड़ी हुई थी। वे मां एवं बेटी को राजगढ़ चिकित्सालय लेकर आए। जहाँ चिकित्सकों ने गरिमा को मृत घोषित कर दिया। मां ने गरिमा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि गरिमा अपनी दादी के पास सोती थी लेकिन गुरुवार की शाम को वह अपनी बेटी को उठाकर अपने पास ले गई और रात को इस वारदात को अंजाम दे दिया। उन्होंने बताया कि शीला की दिमागी हालत दो साल से ठीक नहीं थी।