अबकी बार चार सौ सीटों के साथ फिर बनेगी मोदी सरकार : अमित शाह

उदयपुर। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस को परिवारवादी पार्टी होने के साथ एक दिशाविहीन पार्टी बताते हुए कहा है कि वह सत्ता के लिए देश का विभाजन करना चाहती है लेकिन मोदी सरकार के दस साल-भारत के गौरव, गरीब कल्याण और देश के उत्कर्ष के दस साल के कारण अबकी बार चार सौ सीटों के साथ देश में फिर मोदी सरकार बनेगी।

शाह ने मंगलवार को यहां आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं एवं जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर यह आरोप लगाते हुए यह दावा किया। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के लिए, उसकी पार्टी के कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण अंग होते हैं और भाजपा के कार्यकर्ता देश के हर घर तक कमल पहुंचाने में सक्षम हैं।

उन्होंने राजस्थान की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि वर्ष 2014 में राजस्थान की जनता ने प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें भाजपा की झोली में डाल दी थी। इसके बाद वर्ष 2019 में भी राजस्थान के लोगों ने सभी लोकसभा सीटों पर भाजपा को प्रचंड जीत दी। और अभी कुछ समय पहले राजस्थान विधानसभा चुनाव में भी भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार का गठन हुआ है। पूरे देश में राजस्थान प्रदेश भाजपा का संगठन सबसे अधिक मजबूत संगठन है।

राजस्थान में सुंदर सिंह भंडारी ने महर्षि दधीचि की तरह हड्डियां गलाकर, भारतीय जनता पार्टी की नींव डाली। दो दिन पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आह्वान करते हुए अबकी बार, 400 पार का नारा दिया। 2024 में फिर एक बार, मोदी सरकार बनाने के लिए राजस्थान में 25 लोकसभा सीटों की जीत की हैट्रिक के साथ, हर सीट पर दोबारा कमल खिलाना है।

शाह ने कहा कि भाजपा की विजय यात्रा की अर्जुन भी जनता और कृष्ण भी जनता ही है, राजस्थान की जनता को ही भाजपा की इस विजय यात्रा को आगे बढ़ाना है। शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक परिवारवादी और दिशाविहीन पार्टी है। प्रधानमंत्री ने पिछले 10 साल के अंदर देश के 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिया, शौचालय बनवाए, उज्ज्वला योजना के तहत गैस का सिलैन्डर दिया, उजाला योजना के तहत हर घर तक बिजली पहुंचाई, प्रति व्यक्ति प्रतिमाह पांच किलो अनाज निःशुल्क दिया, पांच लाख तक की सभी दवाइयों का खर्चा आज मोदी के नेतृत्व वाली सरकार उठा रही है।

उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में देशभर में हर किसान को किसान सम्मान निधि के तौर पर 6000 रुपए दिए जा रहे हैं और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने छह हजार रुपए के बजाय प्रदेश के किसानों को आठ हजार रुपए देने का काम शुरू किया है।

शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने 70 लाख से ज्यादा माताओं को 450 रुपए में गैस का सिलैन्डर हर गरीब को देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल के दौरान हर दिन पाकिस्तान से कोई न कोई देश में घुस आते थे, बम धमाके करते थे, पुलवामा, पुंछ और उरी में वीर जवानों पर आतंकवादी हमले करते थे। लेकिन पाकिस्तान को यह याद नहीं रहा कि अब भारत में सरकार बदल गई है और श्री मोदी ने 10 दिनों में ही सर्जिकल स्ट्राइक कर, पाकिस्तान के घर में घुसकर वीर जवानों की शाहदत का बदला लेने के काम किया।

उन्होंने कहा कि जिस कश्मीर के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपने जीवन का बलिदान दिया, उस समय कहा जाता था कि जहां हुए बलिदान मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है। अनुच्छेद 370 के मुद्दे पर पर सब लोग मजाक उड़ाते थे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में इसे नहीं हटाया जा सका, क्योंकि उस व्यक्त भारतीय जनता पार्टी की सरकार के पास पूर्ण बहुमत नहीं था। लेकिन पांच अगस्त 2019 को मोदी ने अनुच्छेछ 370 को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। आज भारत माता का मुकुटमणि कश्मीर को आन-बान-शान के साथ भारत माता के मुकुट पार सुशोभित है और दुनिया की कोई ताकत कश्मीर को हाथ नहीं लगा सकती।

शाह ने कहा कि करोड़ों लोगों के आराध्य भगवान श्रीराम वो एक टेंट में अपमानित स्थिति में बैठे थे और कांग्रेस ने सालों तक श्री राम मंदिर के मुद्दे को लटकाकर, भटकाकर, अटकाकर रखा लेकिन भाजपा हमेशा यही कहती थी कि हम राम मंदिर वहीं बनाएंगे जहां रामलला का जन्म हुआ था और गत 22 जनवरी वही दिन था, मोदी ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा करके पूरे देश को हर्षित और आनंदित कर दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का बहिष्कार किया। शाह ने कहा कि मोदी के 10 साल गौरव के 10 साल, गरीब कल्याण के 10 साल, भारत के उत्कर्ष और विकास के 10 साल हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी ने 10 साल में भारत के अर्थतंत्र को 11वें नंबर से पांचवें नंबर तक पहुंचा दिया है। उन्होंने एक बार फिर से जनता से मोदी को फिर से आशीर्वाद देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत का विकास, सुरक्षा, उत्थान यह कांग्रेस पार्टी नहीं कर सकती। चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर भी तिरंगा फहराने का काम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने किया है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशान साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल के दौरान राजस्थान में महिलाएं और बहनें सुरक्षित नहीं थी, लेकिन आज मोदी के नेतृत्व में भजनलाल शर्मा की सरकार उनकी सुरक्षा के लिए कई अहम कदम उठा रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश की जनता से प्रधानमंत्री को फिर से आशीर्वाद देकर विजयी बनाने का आग्रह किया।