शादी के बाद बदली किस्मत, तब मिलने लगे काम के ऑफर : अपारशक्ति खुराना

1

मुंबई। अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने खुलासा किया है कि शादी से पहले उन्हें मनोरंजन जगत में काम पाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा था। अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो डबल डेट में अपनी पत्नी आकृति खुराना के साथ शिरकत की, जहां उन्होंने अपनी जिंदगी और करियर से जुड़े कई दिल छू लेने वाले खुलासे किए। यह खास और भावुक एपिसोड हर गुरुवार नेहा के यूट्यूब चैनल पर स्ट्रीम होता है।

बातचीत के दौरान अपारशक्ति ने इंडस्ट्री में अपने शुरुआती संघर्ष, अपने अलग सफर और एक्टिंग के अलावा अपने सपनों के बारे में खुलकर बात की। सफल अभिनेता बनने से पहले अपारशक्ति मुंबई में एक स्टाइलिस्ट के तौर पर काम करते थे और इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे थे।

उन दिनों को याद करते हुए अपारशक्ति ने कहा कि एक फेज था जब मैं सोचता था कि मेरे लिए बॉम्बे शिफ्ट होने का एक तरीका क्या हो सकता है। तो एक समय ऐसा भी था जब मैं मुंबई में स्टाइलिस्ट था। मैं कुछ होस्ट्स को स्टाइल किया करता था जो एक बहुत बड़े टीवी चैनल पर बॉलीवुड शोज होस्ट करते थे। धीरे-धीरे मैं जो अभी कर रहा हूं उसे अलविदा कह दूंगा। मेरा बहुत मन है कि अगले 10-12 साल बाद मैं टेलरिंग सीखूं। कपड़ा कैसे काटना है, कैसे सिलना है।

अपारशक्ति ने शादी से पहले इंडस्ट्री में काम पाने के संघर्ष को भी याद किया और बताया कि कैसे शादी के बाद अचानक सब कुछ बदल गया। उन्होंने कहा कि जब मैं रेडियो में काम कर रहा था, या दिल्ली हाई कोर्ट में, या जो भी छोटे-मोटे काम मैं शादी से पहले कर रहा था, तब मैं डायरेक्टर्स, कास्टिंग डायरेक्टर्स, प्रोडक्शन हाउसेस और टीवी चैनलों को मैसेज या ईमेल किया करता था। किसी ने मुझे एक बार भी जवाब नहीं दिया।

लेकिन जिस दिन मेरी शादी हुई, उसी दिन मुझे तीन साल पुराने मैसेज के रिप्लाई आने लगे कि वो अब एक होस्ट ढूंढ रहे हैं और क्या मैं आकर जॉइन कर सकता हूं। मैं पहले ‘लेडी लक’ जैसी चीजों पर बिल्कुल विश्वास नहीं करता था, लेकिन तब मुझे लगा कि ऐसा भी कुछ हो सकता है।

यह एपिसोड उस वक्त और भावुक हो गया जब अपारशक्ति ने अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए चंडीगढ़ से जुड़ी यादें साझा कीं। अंगद बेदी और अपारशक्ति ने अपने पिता के रिश्ते और उनसे जुड़ी कई निजी यादों को साझा किया, जिसने इस बातचीत को बेहद खास और भावनात्मक बना दिया।

अपनी सादगी, बहुमुखी प्रतिभा और जमीन से जुड़े व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले अपारशक्ति खुराना की इन ईमानदार बातों और भावुक किस्सों ने दर्शकों को उनके असली व्यक्तित्व की एक खूबसूरत झलक दिखाई।