AVVNL का अधीक्षण अभियंता बाबूलाल 50 हजार रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

0

अजमेर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अजमेर में बड़ी सफलता हासिल की है। ACB टीम ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार अभियंता बाबूलाल पर आरोप है कि उन्होंने एक ठेकेदार से वर्क ऑर्डर जारी रखने और कार्य से संबंधित मंजूरी देने के बदले कुल ₹2 लाख की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना ACB को दी, जिसके बाद पूरे मामले का सत्यापन किया गया।

ट्रैप ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तारी

ACB अधिकारियों ने शिकायत की पुष्टि के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। रविवार को जैसे ही अभियंता बाबूलाल ने पहली किस्त के रूप में ₹50 हजार स्वीकार किए, टीम ने मौके पर ही उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई है। इसके बाद आरोपी अभियंता के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्यवाही जारी

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन एवं महानिरीक्षक राजेश सिंह के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले मे भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।