अजमेर। हिंदू समाज के वंचित, पिछड़े एवं उपेक्षित वर्ग को शिक्षा से जोड़ने और भावी पीढ़ी को शिक्षित एवं संस्कारित कर समाज की मुख्यधारा में लाने के उद्देश्य से घुमंतू जाति उत्थान न्यास अजयमेरु की ओर से पालरा गांव की कालबेलिया बस्ती में जिले के पहले बाल संस्कार केंद्र का शुभारंभ किया गया।
बाल संस्कार केंद्र के माध्यम से घुमंतू समाज के बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए सेवा कार्य किया जाएगा। केंद्र के शुभारंभ अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजस्थान क्षेत्र के संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि समाज का कोई भी वर्ग शिक्षा और संस्कार से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसी उद्देश्य से घुमंतू समाज के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बाल संस्कार केंद्र की शुरुआत की गई है। उन्होंने ग्रामवासियों से केंद्र के सुचारू संचालन में पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में अजमेर महानगर घुमंतू कार्य संयोजक आशीष डीडवानिया तथा पूर्व पंचायत समिति सदस्य निंबाराम सहित अन्य उपस्थित रहे। केंद्र शुरू होने से कालबेलिया बस्ती के बच्चों को शिक्षा और संस्कार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।




