भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के हलैना थाना क्षेत्र में आगरा-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर बुधवार देर रात एक बस पलटने से 10 से अधिक लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी घायलों को हलैना के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में तीन की गम्भीर हालत को देखते उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल भेज दिया गया जबकि अन्य सभी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल छुट्टी दे दी गई।
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के बाधित हो जाने से इस मार्ग पर वाहनों के आवागमन में व्यवधान रहा जिसे पुलिस ने बाद में नियंत्रित कर लिया।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि एक निजी स्लीपर बस मध्य प्रदेश के मुरैना से गुजरात के सूरत अहमदाबाद जा रही। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। अचानक चालक को झपकी आ जाने से बस बिजली के ख़म्बे से टकराकर पलट गई। इसके बाद बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।



