भीलवाड़ा। जिले के बिजौलिया थाना क्षेत्र के कांस्या गांव में शनिवार सुबह एक युवक ने कथित तौर पर नशे की हालत में फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। समय रहते परिजनों की नजर पड़ जाने से युवक की जान बच गई। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार कांस्या निवासी 31 वर्षीय भंवरलाल बंजारा ने शनिवार सुबह अपने घर में रस्सी से फंदा बनाया और उस पर लटक गया। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो तत्काल नीचे उतारा और बिजौलिया के उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने के कारण बेहतर उपचार के लिए उसे भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक के नशे में होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर बिजौलिया थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसके कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



