भीलवाड़ा नगर निगम ने यूडी कर को लेकर सख्त रुख अख्तियार किया

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा नगर निगम ने अब बकाया नगरीय विकास कर (यूडी) वसूली को लेकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है और बार-बार नोटिस के बावजूद चक्कर लगवाने वाले कर बकायेदारों के खिलाफ अब सीधी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने अजमेर रोड स्थित ‘यश मोटर्स’ द्वारा लंबे समय से बकाया यूडी कर जमा नहीं कराने पर शोरूम को सीज करने के आदेश जारी किए। आदेश मिलते ही गुरुवार को निगम का दल मौके पर पहुंचा और शोरूम को सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। जैसे ही शोरूम को सीज करने की कार्रवाई शुरू हुई, वहां हड़कंप मच गया।

कार्रवाई की सूचना मिलते ही कंपनी के प्रबंधक तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में बकाया राशि तीन लाख 16 हजार 129 रुपए का कर चेक के माध्यम से मौके पर ही जमा कराया गया। कर जमा होने की पुष्टि के बाद ही निगम के दल ने सीजिंग की कार्रवाई रोकी। चौधरी ने कहा कि निगम अपने राजस्व को लेकर गंभीर है। उन्होंने सभी बकाया करदाताओं से आग्रह किया है कि सीजिंग से बचने के लिए समय पर अपना कर जमा कराएं।

कंटेनर से टकराने से कार सवार की मौत

भीलवाड़ा के सवाईपुर कस्बे में बुधवार को देर रात कंटेनर से टकराने से कार में सवार एक युवक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि कोटड़ी चौराया के निकट भीलवाड़ा कोटा रोड पर सवाईपुर के कोटड़ी चौराहे के पास भीलवाड़ा से मांडलगढ़ बीगोद की तरफ जा रहे कंटेनर विपरीत दिशा से आ रही कार से टकरा गया। इससे कार चालक पीयूष शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।