भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के जिला विशेष दल (डीएसटी) ने भीलवाड़ा जिले के बागोर थाना क्षेत्र में रविवार को खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त दो ट्रैक्टर जब्त किए।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि इस अचानक हुई छापामार कार्रवाई से क्षेत्र के बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया। पुलिस दल को आता देख भागने के प्रयास में बजरी से भरा एक ट्रैक्टर कोठारी नदी के पेटे में ही पलट गया।
डीएसटी को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बागोर क्षेत्र के हमीरपुरा के निकट कोठारी नदी पेटे से बड़े पैमाने पर रात के अंधेरे में अवैध बजरी का खनन और परिवहन किया जा रहा है। इस पुख्ता सूचना पर डीएसटी ने देर रात अचानक नदी पेटे में दबिश दी।
पुलिस की गाड़ियों को अचानक सामने देखकर वहां अवैध रूप से बजरी भर रहे ट्रैक्टर चालकों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई के दौरान अवैध बजरी खनन और परिवहन में लिप्त पाए गए दो ट्रैक्टरों को मौके पर पकड़ा और आगे कार्रवाई के लिए बागोर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।



