पटना। भारतीय जनता पार्टी ने इस बार फिर से बिहार विधानसभा चुनाव में नारी शक्ति पर भरोसा जताते हुए सुप्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर और अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह समेत 13 महिलाओं को अपना उम्मीदवार बनाया है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रमुख घटक भाजपा ने तालमेल के तहत मिली 101 सीटों में से 13 विधानसभा क्षेत्र में महिला प्रत्याशियों को चुनावी दंगल में उतारा है। इनमें लोकगायिका मैथिली ठाकुर अलीनगर से, श्रेयसी सिंह जमुई से, पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी बेतिया से, परिहार से गायत्री देवी, नरपतगंज से देवंती यादव, किशनगंज से स्वीटी सिंह, प्राणपुर से निशा सिंह, कोढ़ा से कविता देवी, औराई से रमा निषाद और वारसलीगंज से अरुणा देवी को पार्टी की उम्मीदवार बनायी गयी हैं। इसी तरह छपरा से छोटी कुमारी, कोचाधामन से वीणा देवी, मोहनियां (सुरक्षित) से संगीता कुमारी चुनावी अखाड़े में ताल ठोकती नजर आएंगी।
इससे पूर्व वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने 13 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था। इनमें बेतिया से रेणु देवी, जमुई से श्रेयसी सिंह, कटोरिया से निक्की हेम्ब्रम, कोढ़ा से कविता देवी, नरकटियागंज से रश्मि वर्मा, परिहार से गायत्री देवी, प्राणपुर से निशा सिंह, रामनगर से भागरथी देवी और वारसिलीगंज से अरुणा देवी ने जीत हासिल की थी। वहीं अन्य चार सीट शाहपुर से मुन्नी देवी, भभुआ से रिंकी रानी पांडेय, दानापुर से आशा देवी और किशनगंज से स्वीटी सिंह को हार का सामना करना पड़ा था।
इस बार के चुनाव में भाजपा ने पिछले चुनाव में जीती तीन विधायक रामनगर से भागीरथी देवी, कटोरिया (सु) से निक्की हेम्ब्रम और नरकटियागंज से विधायक रश्मि वर्मा को बेटिकट कर दिया है। भाजपा ने रामनगर से नंद किशोर राम, कटोरिया (सुरक्षित) से पूरण लाल टुड्डु और नरकटियागंज से संजय पांडेय को उम्मीदवार बनाया है।
वही पिछले चुनाव में जीती 9 महिलाओं में से छह अन्य श्रेयसी सिंह, रेणु देवी, गायत्री देवी, निशा सिंह, कविता देवी और अरुणा देवी को फिर से चुनावी दंगल में उतारा है। देखना दिलचस्प होगा कि इस बार के चुनावी संग्राम में भाजपा की कितनी महिला उम्मीदवार पार्टी का ‘कमल’ खिलाने में सफल होती हैं।