बीजेपी से मिला टिकट मेरा नहीं क्षेत्रवासियों का है : सुरेश सिंह रावत

पुष्कर। भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2023 के लिए पुष्कर से एक बार फिर दो बार लगातार जीत का परचम लहराने वाले सुरेश सिंह रावत को पार्टी का प्रत्याशी बनाया है। रावत के फिर प्रत्याशी बनने की सूचना फैलते ही पुष्कर विधानसभा क्षेत्र के लोगों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।

भाजपा का सिंबल लेकर पहली बार अपने निवास पर पहुंचे रावत का क्षेत्रवासियों ने जोरदार स्वागत किया तथा जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। साफा पहनाकर और फूल मालाओं से अभिनंदन उनका किया। आमजन का स्नेह, आशीर्वाद और समर्थन देखकर विधायक रावत भावुक हो गए।

सुरेश सिंह रावत ने बताया कि, यह टिकट मेरा नहीं जनता का टिकट है। जनता ने हमेशा से जो अथाह प्यार, स्नेह, सहयोग, आशीर्वाद और समर्थन मुझे प्रदान किया है उसी के परिणामस्वरूप भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर जनता की सेवा का मौका दिया है। पिछले दो कार्यकालों में मैंने समर्पण भाव से पुष्कर के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य किया है।

पवित्र पुष्कर सरोवर में जाने वाले गंदे पानी की स्थाई रोकथाम के लिए भी प्रयास किया लेकिन सत्ता परिवर्तन हो जाने के कारण इस पर अभी काम बाकी है। पवित्र पुष्कर सरोवर में सीवरेज एवं बरसाती पानी के साथ जाने वाले गंदे पानी की स्थाई रोकथाम वृहद परियोजना, पुष्कर को टेंपल टाउन का दर्जा, काशी और महाकाल की तर्ज पर भव्य पुष्कर कॉरिडोर, अजमेर पुष्कर घाटी मार्ग चौड़ीकरण एवं सुरंग निर्माण, रुपनगढ़ कॉलेज का भवन निर्माण प्राथमिकता, पुष्कर चिकित्सा केंद्र भवन निर्माण, पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में कराए गए कार्यों पर सरकार की अनदेखी से जीर्ण शीर्ण कार्यो की मरम्मत एवं पुनरुद्धार (यथा- बूढ़ा पुष्कर घाट, पवित्र पुष्कर सरोवर घाट, सेन महाराज पैनोरमा, मध्य पुष्कर एवं अन्य), 24 कोसीय पुष्कर परिक्रमा मार्ग में विकास एवं सौंदर्यीकरण, रुपनगढ़ ग्राम पंचायत को नगर पालिका में क्रमोन्नत, रुपनगढ़ में नवीन कृषि मंडी के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हूं।

रावत ने बताया कि, टिकट मांगने का अधिकार सबका है। लेकिन पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। अब सभी पार्टी के कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस सरकार के जंगल राज, भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ क्षेत्रवासी स्वयं चुनाव लड़ेंगे, भाजपा का टिकट जनता का है, सभी मिलकर पुनः जगत पिता ब्रह्मा जी के पवित्र क्षेत्र पुष्कर राज में कमल का फूल भारी बहुमत से खिलाकर मोदी को मजबूत करेंगे। मोदी मजबूत हुआ तो भारत मां का खोया वैभव और गौरव पुन: शीघ्र ही शत प्रतिशत प्राप्त होगा।