भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ सचिवालय का घेराव कर किया प्रदर्शन

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी जयपुर में भ्रष्टाचार एवं कानून व्यवस्था सहित कई मुद्दों को लेकर मंगलवार को कांग्रेस सरकार के खिलाफ सचिवालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।

बड़ी संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता घेराव के दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधक को पार करते हुए आगे बढ़े और तीसरे एवं आखिरी अवरोधक पर आगे बढ़ने का प्रयास कर रही इन लोगों की भीड़ को पुलिस ने रोक लिया।

इसके बाद कार्यकर्ता और पुलिस आमने सामने हो गए और आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पीछे धकेलने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारे छोड़नी पड़ी। पुलिस ने दो बार पानी की बौछारे छोड़ी और आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को रोका।

इस दौरान उपनेता प्रतिपक्ष डा सतीश पूनियां, सांसद मनोज राजोरिया सहित भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को चोंटे आई और राजोरिया सहित कुछ कार्यकर्ताओं को सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिहं राठौड़, डा पूनियां, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, सांसद बालकनाथ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा अरुण चतुर्वेदी, विधायक वासुदेव देवनानी सहित कई नेताओं ने गिरफ्तारियां दी।

इससे पहले प्रदर्शन के दौरान जोशी सहित अन्य नेता सड़क पर बैठ गए और मीडिया से बात की और जोशी ने बहुचर्चित लाल डायरी का जिक्र करते हुए कहा कि आखिर इस डायरी में ऐसा क्या है जो अपने मंत्री को रातों रात हटा दिया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की भीड़ की तरफ इशारा करते हुए कहा कि यह जनता का गुस्सा है और सरकार के खिलाफ यह आक्रोश है, इसलिए प्रदेश के कौने कौने से बड़ी संख्या में लोग इस प्रदर्शन में भाग लेने आये है।

इस दौरान शेखावत ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके विधायक, मंत्री एवं मंत्री का दर्जा प्राप्त लोगों ने भी कहा है और अब इस पर मोहर लग गई। उन्होंने कहा कि इस लाल डायरी में ऐसे क्या राज दफन थे कि लाल डायरी को छीन ली गई। उन्होंने कहा कि न जाने ऐसी कितनी और काली, पीली एवं हरी डायरियां होगी, अबकी बार ऐसी सब डायरियों का हिसाब जनता करने वाली है।

इससे पहले सचिवालय का घेराव करने के लिए कूच करने के दौरान एक गाड़ी पर सवार जोशी ने मीडिया से कहा कि घेराव के लिए जो जनसैलाब उमड़ा है उससे साफ है कि जनता कांग्रेस के कुशासन से त्रस्त है। इस घेराव में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित कुछ अन्य बड़े नेताओं के नजर नहीं आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कारण इसमें सम्मिलित नहीं हो पाए लेकिन इस प्रदर्शन में पूरे पंचायत, हर बूथ से कार्यकर्ता भाग लेने आए हैं।

डा पूनियां ने कहा कि इस जनसैलाब से लग रहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरु हो गई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था आदि मुद्दों को लेकर कार्यकर्ता आक्रामक रुप से सड़कों पर है। उन्होंने कहा कि यह आगाज है जिसे अंजाम तक लेकर जाया जायेगा।

इससे पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय के सामने पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता एकत्रित हुए और एक सभा का आयोजन हुआ जिसे जोशी, पार्टी के राज्य प्रभारी अरुण सिंह, शेखावत, राजेन्द्र सिंह राठौड़, डा पूनियां, सांसद किरोड़ी लाल मीणा एवं राज्यवर्धन सिंह राठौड़ एवं अन्य नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।