सतीश पूनियां से मिलने जयपुर में उमड़े कार्यकर्ता एवं आमजन

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां से शनिवार को यहां प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने मुलाकात की। पूनियां के जयपुर स्थित जन संवाद केंद्र पर सुबह नौ से अपराह्न दो बजे तक उनसे मिलने के लिए पार्टी कार्यकर्ता और आमजन उमड़ पड़े।

इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अजयपाल सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हरिराम रणवां, विधायक सुरेश सिंह रावत, विधायक अभिनेष महर्षि, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष श्याम अग्रवाल एवं विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मिलने पहुंचे।

डॉ. पूनियां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ओलावृष्टि एवं बारिश से शेखावाटी, पूर्वी राजस्थान सहित प्रदेश के विभिन्न इलाकों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से आग्रह किया कि फसलों के नुकसान की तुरंत गिरदावरी करवाकर निश्चित समयावधि में किसानों की मुआवजा राशि सुनिश्चित करें, जिससे किसानों को सम्बल मिल सके।