अजमेर। नगर निगम अजमेर के उप महापौर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के हेमंत सांखला विजयी घोषित किए गए।
अजमेर नगर निगम चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी अनिल कुमार पूनिया ने बताया कि मंगलवार को उपाध्यक्षीय पद के निर्वाचन में 80 पार्षदों ने भाग लिया। इसमें भारतीय जनता पार्टी के हेमंत सांखला एवं इंडियन नेशनल कांग्रेस के नोरत मल गुर्जर को 40-40 मत प्राप्त हुए। लॉटरी के माध्यम से भाजपा के हेमंत सांखला को विजयी घोषित किया गया।
पंचायतीराज चुनाव : आरक्षण के लिए लॉटरी बुधवार को
अजमेर, 22 सितम्बर। जिले में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य एवं प्रधानों के आगामी आम चुनाव में आरक्षण के लिए लॉटरी के माध्यम से अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति वर्ग एवं महिला, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला तथा सामान्य वर्ग महिला के लिए वार्डों का निर्धारण बुधवार 23 सितम्बर को दोपहर 3 बजे जवाहर रगंमचं, अजमेर में किया जाएगा। यह जानकारी उपजिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने दी।
बडल्या के सरपंच एवं वार्ड पंच के पदों के लिए लॉटरी 24 सितम्बर को
पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत नव सृजित पंचायत समिति बडल्या के सरपंच एवं वार्ड पंच के पदों का आरक्षण का निर्धारण एवं श्रेणीवार आवंटन गुरूवार 24 सितम्बर को सुबह 10 बजे नए कलेक्ट्रेट भवन सभागार में किया जाएगा। यह जानकारी उपखण्ड अधिकारी पदमा देवी ने दी।
जिले के नगरीय निकायों में आदर्श आचरण संहिता समाप्त
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 19 अगस्त, 2026 को नगरीय निकायों के चुनाव कार्यकम की घोषणा के साथ ही संबधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावी हो गई थी। जिला कलक्टर लोक बन्धु ने बताया कि जिले के समस्त नगरीय निकायों में समस्त पदों के लिये निर्वाचन प्रक्रिया मंगलवार को पूर्ण हो चुकी है। अतः नगरीय निकाय चुनाव के लिए प्रभावी आदर्श आचारण संहिता को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।



