अजमेर। विकसित भारत जन सेवा कैंप के अंतर्गत जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने एवं आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय महिला चिकित्सालय अजमेर, यज्ञ नारायण चिकित्सालय किशनगढ़, जिला चिकित्सालय केकड़ी एवं उप जिला चिकित्सालय नसीराबाद में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। इनमें 174 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
राजकीय महिला चिकित्सालय अजमेर में आयोजित रक्तदान शिविर में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्रीकांत बाल्दी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए युवाओं एवं आमजन से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं अजमेर डॉ. संपत सिंह जोधा, एसडीएम वंदना खोरवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रंगा तथा राजकीय महिला चिकित्सालय अजमेर की अधीक्षक डॉ. पूनम पचौरी सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर में राजकीय नर्सिंग कॉलेज एवं आरआर कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान करने की शपथ ली।
इसी क्रम में यज्ञ नारायण चिकित्सालय किशनगढ़, जिला चिकित्सालय केकड़ी एवं उप जिला चिकित्सालय नसीराबाद में भी विकसित भारत जन सेवा कैंप के अंतर्गत रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में चिकित्सा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, नर्सिंग विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अधिकारियों ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन एवं गंभीर बीमारी की स्थिति में समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त मरीज का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में स्वस्थ एवं पात्र व्यक्तियों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
विकसित भारत जन सेवा कैंप के अंतर्गत आयोजित इन रक्तदान शिविरों के माध्यम से जिले में रक्तदान-महादान का संदेश दिया गया तथा आमजन को मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।



