झुंझुनूं में सुहागरात वाले दिन नगदी-गहने लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन

झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के बुहाना में एक दुल्हन शादी के बाद सुहागरात वाले दिन दूल्हे को चकमा देकर ससुराल से फरार हो गई और घर में रखे जेवरात और नकदी भी अपने साथ उड़ा ले गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गांव के कुलदीप ने दुल्हन समेत दो अन्य के खिलाफ शादी के नाम धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज करवाया है।

रिपोर्ट में बताया कि उसकी हरियाणा के कंवर सैन निवासी कोटडा चेक सतनाली से जान-पहचान थी। उसने उसकी शादी कराने की बात कही। इसके लिए वह उसे पंजाब लेकर गया, जहां कोमल निवासी रुकना मगला फिरोजपुर के साथ शादी की बात की। शादी तय हुई और शादी के नाम पर 2.80 लाख रुपए भी ले लिए साथ ही दुल्हन के लिए सोने-चांदी के जेवरात बनवाए थे, जो कोमल को दिए थे।

रिपोर्ट में कुलदीप ने बताया कि 19 फरवरी को पंजाब के फिरोजपुर में कोमल (29) से अदालत में विवाह किया था। इसके बाद 20 फरवरी को पंजाब से शादी के बाद घर लौटते समय देर रात हो गई थी। इसके कारण घर आकर सभी सदस्य सो गए।

नींद खुली तो दुल्हन कोमल, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थे। पास-पड़ोस में पता करने पर कोई जानकारी नहीं लगी। कई जगह तलाश की, फिर भी पता नहीं चला। इसके बाद 23 फरवरी को पुलिस थाने में रिपोर्ट दी गयी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। फिर एक अप्रैल को बुहाना अदालत से इस्तगासा के जरिये प्राथमिकी दर्ज करवाई है।

पीड़ित कुलदीप ने कोमल पुत्री सतपाल निवासी रूकना मगला फिरोजपुर, कंवर सेन एवं नवदीप सिंह निवासी बलबीर बस्ती, फरीदकोट के खिलाफ विवाह के नाम पर दो लाख अस्सी हजार रुपए, सोने-चांदी के आभूषण धोखे से हड़पने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।