श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के घडसाना सेक्टर में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 140 वीं बटालियन के एक सहायक उप निरीक्षक की ड्यूटी के दौरान अचानक चक्कर आने से मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि अश्विनी कुमार (56) को बीएसएफ के जवान शुक्रवार को दोपहर गंभीर हालत में नई मंडी घड़साना के सरकारी अस्पताल में लेकर आए थे। चिकित्सकों ने उनका उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इस पर अश्विनीकुमार को बीकानेर भेजा गया। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि अश्विनीकुमार घडसाना सेक्टर की केके टिब्बा सीमा चौकी पर तैनात थे। वह बिहार के गया जिले में गांव पंचरखी देऊला के निवासी थे। बीकानेर में आज पोस्टमार्टम होने के बाद शव सड़क मार्ग से जयपुर ले जाया गया है। वहां से हवाई जहाज द्वारा पैतृक गांव ले जाया जाएगा। उनकी अंत्येष्टि रविवार को होगी।
दस लाख रुपए की साइबर ठगी का केस दर्ज
श्रीगंगानगर में साइबर थाना पुलिस ने 10 लाख रुपए से अधिक की साइबर ठगी का मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि श्रीगंगानगर निवासी केवलसिंह द्वारा ऑनलाइन दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। केवलसिंह ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपनी पहचान छुपा कर और छलकपट पूर्वक उसे 10 लाख 29 हजार 40 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
खंभे में करंट आने से एक व्यक्ति की मौत
श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस सूत्रोंं ने शनिवार को बताया कि रायसिंहनगर के नजदीक चक 22-पीएस में एक खेत में बिजली के खंभे के पास शुक्रवार शाम को एक व्यक्ति मृत पाया गया। भेड़ बकरियां चराने वाले एक व्यक्ति ने उसे देखा तो गांव वालों को सूचना दी। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर में मृतक की पहचान चिरंजीलाल उर्फ कालिया माली (35) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि शराब पीकर उसने बिजली का खंभा छू लिया, जिससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई।



