ममता बनर्जी के आवास के बाहर केंद्रीय बलों की तैनाती

0

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के कुछ ही घंटों बाद, शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया।

यह कदम तब उठाया गया जब भाजपा समर्थकों के एक समूह ने उनके घर के पास इकट्ठा होकर जय श्री राम के नारे लगाए। यह घटनाक्रम ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथग्रहण समारोह के कुछ ही देर बाद हुआ।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह समाप्त होने के तुरंत बाद मोटरसाइकिल पर सवार भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का एक समूह कालीघाट पहुंचा। समर्थकों ने बनर्जी के आवास के बाहर नारेबाजी की, जबकि कुछ कार्यकर्ता मुख्य द्वार के करीब जमा हो गए। इलाके में पहले से तैनात पुलिस कर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करने और उन्हें आवास के करीब जाने से रोकने का प्रयास किया।

स्थिति को बिगड़ने से रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल प्रभाव से आवास के सामने केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी गई। अधिकारियों ने पुष्टि की कि स्थिति अब नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। केंद्रीय बल के जवान आवास के पास आवाजाही को प्रतिबंधित कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद कालीघाट स्थित बनर्जी के आवास के बाहर से बैरिकेड्स हटा दिए गए थे और सुरक्षा कम कर दी गई थी, हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री के नाते ममता बनर्जी को निर्धारित सुरक्षा कवर प्राप्त है। सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर भी सुरक्षा तैनाती में कटौती देखी गई थी।