झारखंड में चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ ली

रांची। झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने आज दोपहर बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा गठबंधन विधायक दल के नेता चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राजभवन के दरबार हॉल में यहां आयोजित एक सादे समारोह में चंपई सोरेन ने झारखंड के 12 वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली।

इसके अलावा कांग्रेस के आलमगीर आलम ने झारखंड के मंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। साथ ही राजद के सत्यानंद भोक्ता ने भी झारखंड के मंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। सोरेन के अलावा केवल दो विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

5 फरवरी को विश्वास मत हासिल करेंगे

झारखंड विधानसभा में 5 फरवरी को मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की सरकार विश्वास मत हासिल करेगी। इस दौरान सीएम सोरेन सदन में अपना बहुमत साबित करेंगे। मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री सोरेन की अध्यक्षता में यहां प्रोजेक्ट भवन में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक की पहली बैठक में तीन अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी।

कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि पिछली हेमंत सोरेन सरकार ने 9-29 फरवरी के बीच बजट सत्र बुलाया था, इसे विलोपित कर दिया गया है। अब 5-6 फरवरी को झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। इसी दौरान सोरेन 5 फरवरी को विधानसभा में अपना बहुमत सिद्ध करेंगे। इसके अलावा राजीव रंजन को फिर एकबार राज्य का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने यहां यह जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने चंपई सोरेन को बीती रात मुख्यमंत्री मनोनीत कर सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते समय उन्हें 10 दिनों के अंदर विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने का आदेश दिया था।