झारखंड में चंपई सोरेन मुख्यमंत्री के रूप में दिन के 12:30 बजे शपथ लेंगे

रांची। झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन शुक्रवार को चंपई सोरेन को राजभवन में 12:30 बजे दिन में मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। सोरेन राज्य के 12वें मुख्यमंत्री होंगे। राज्य में रघुवर दास को छोड़कर कोई मुख्यमंत्री अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया। वैसे अलग-अलग अवधियों को जोड़कर सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड अर्जुन मुंडा के नाम दर्ज है।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल ने कल देर रात झारखंड मुक्ति मोर्चा गठबंधन विधायक दल के नेता चंपई सोरेन को को मनोनीत मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त करते हुए शपथ ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया था। हेमंत सोरेन के जेल जाने के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और इसी के कारण चंपई सोरेन को झामुमो गठबंधन विधायक दल का नया नेता चुना गया।

इससे पहले रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से महागठबंधन के विधायक वापस सर्किट हाउस लौट गए। लो विजिविलिटी की वजह से विधायकों का चार्टर प्लेन उड़ान नहीं भर सका था। आखिरकार सभी विधायक प्लेन से उतर गए और सर्किट हाउस पहुंचे।

जानकारी के अनुसार एहतियातन महागठबंधन के विधायकों को हैदराबाद शिफ्ट किया जा रहा था। विधायकों को लेकर बस सर्किट हाउस से एयरपोर्ट के लिए गई। 38 विधायक दो चार्टर प्लेन में सवार भी हो गए थे, लेकिन अंतिम समय में लो विजिविलिटी की वजह से प्लेन उड़ान नहीं भर सका। एटीसी ने अनुमति नहीं दी। इसके बाद विधायकों को लेकर बस एयरपोर्ट से सर्किट हाउस लौट गई।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले राज्यपाल की तरफ से बुलावे का महागठबंधन इंतजार कर रही थी। गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे चंपई सोरेन के नेतृत्व में पांच विधायक राज्यपाल से मिले भी, मगर उन्हें सरकार बनाने का समय नहीं दिया गया। इसके बाद सभी विधायकों को हैदराबाद शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी गई थी।