मधु किश्वर को चंडीगढ़ पुलिस का नोटिस, भ्रामक वीडियो केस में जांच तेज

5

चंडीगढ़/नई दिल्ली। चंडीगढ़ पुलिस टीम मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में लेखिका मधु किश्वर के घर पहुंची और उन्हें जांच में शामिल होने के लिए नोटिस सौंपा। टीम में पुलिस निरीक्षक इरम रिजवी और महिला पुलिस निरीक्षक सरिता राय शामिल थीं। यह कार्रवाई यहां सेक्टर-26 थाने में दर्ज एक प्राथमिकी के संबंध में की गई।

प्राथमिकी एक शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने एक वीडियो को गलत पहचान के साथ वायरल किया और उसमें अश्लील एवं भ्रामक शब्द जोड़कर पेश किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कृत्य का उद्देश्य एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचाना और समाज में भ्रम फैलाना था।

पुलिस के अनुसार, पोस्ट में जानबूझकर फर्जी और भ्रामक इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड तैयार किए गए, जिनमें अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि संबंधित लोगों को इन पोस्ट के झूठे होने की जानकारी थी, फिर भी उन्हें साझा किया गया ताकि सार्वजनिक शांति और सौहार्द प्रभावित हो।

मामले में वीडियो से जुड़े व्यक्तियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति एक ट्रैवल ब्लॉगर है और मूल वीडियो उसकी पत्नी के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया गया था। इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराएं 66सी, 66डी और 67 के तहत मधु किश्वर और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।