चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के एक अफीम उत्पादक गांव में नारकोटिक्स विभाग नीमच (मध्य प्रदेश) के दल ने अपने ही लम्बरदार के घर से बिना इंद्राज के रखी भारी मात्रा में अवैध अफीम बरामद की है।
विभाग ने रविवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले के पांडोली स्टेशन गांव में शुक्रवार रात्रि एक लम्बरदार के निवास पर छापा मारा गया। निवास से कुल 38 किलो 460 ग्राम शुद्ध अफीम दूध और 14 किलो 194 ग्राम पानी मिली अफीम बरामद की गई। लम्बरदार मौके पर नहीं मिला और फरार हो गया।
विज्ञप्ति के अनुसार वर्तमान में अफीम लुराई का कार्य चल रहा है और गांव के अफीम लम्बरदार पट्टाधारी किसानों की अफीम का रोजाना रजिस्टर में इंद्राज करते हैं। मौके से मिले रजिस्टर में जब्त अफीम का इंद्राज नहीं होने पर इसे अवैध माना गया और लम्बरदार के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
उक्त मकान के तीन अलग अलग कमरों को अन्य किसानों को किराये पर दिया हुआ बताया गया है। इन किसानों को भी आरोपी बनाया गया है। विभाग मामले की जांच कर रहा है।
कार से अवैध डोडा चूरा एवं गांजे की खेती पकड़ी
चितौड़गढ जिले में पुलिस ने दो अलग अलग अभियानों में डोडा चूरा बरामद किया है और एक खेत से अवैध गांजे की खेती पकड़ी है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मंडफिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक कार भगा ले गया और जंगल में कार छोड़कर भाग गया।
कार की तलाशी में उसमें रखे तीन बोरों में भरा कुल 47 किलो 540 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया। इसी तरह जावदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सूचना मिलने पर खेर की माल गांव में जावदा निवासी बद्रीलाल माली के खेत से अवैध रुप से उगाए गए गांजे के 55 पौधे जब्त करके खेत मालिक को गिरफ्तार कर लिया।



