अलवर में 12वीं कक्षा के छात्र तुषार की गोली मारकर हत्या

1

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ के नौगांवा थाना क्षेत्र में बारहवीं कक्षा के छात्र की हत्या का मामला सामने आया है।

दो दिन से लापता छात्र तुषार कुमार का शव बुधवार सुबह रामगढ़ क्षेत्र के नौगांवा थाना क्षेत्र में नेवाड़ी गांव के पास पहाड़ी की तलहटी में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की गोली मारकर हत्या किये जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तुषार बारहवीं कक्षा का छात्र था। वह मूल रूप से कठूमर तहसील के तसई गांव का रहने वाला था, लेकिन वह अपने नाना के घर भूगोर में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

परिजनों के अनुसार तुषार 14 जुलाई की शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया। रात करीब नौ बजे से उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आने लगा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की और बाद में पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस ने तुषार के मोबाइल का कॉल विवरण खंगाली और उन लोगों को चिह्नित किया जो आखिरी समय में उसके संपर्क में थे। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को नेवाड़ी की पहाड़ी की तलहटी में शव मिलने की सूचना मिली। जांच में उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दिये, जिससे हत्या की आशंका जतायी गयी थी। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि तुषार की गोली मारकर हत्या की गई है।

पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ की और सोशल मीडिया पर फोटो साझा की। इसके बाद युवक की पहचान तुषार के रूप में हुई।