जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी को शनिवार को फूलमाला और साफा पहनाकर उनका संकल्प पूरा कराया।
उल्लेखनीय है कि जोशी ने राजस्थान में जब तक भाजपा की सरकार नहीं बन जाती, किसी भी कार्यक्रम में फूलमाला और साफा नहीं पहनने का संकल्प लिया था। विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने के बाद जोशी का यह संकल्प पूरा हो गया।
शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पदाधिकारियों की बैठक में शर्मा ने उनके संकल्प को पूर्ण कराते हुए माला और साफा पहनाकर सीपी जोशी का स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जोशी को दृढ़ निश्चय और कर्तव्यपरायणता की मिसाल बताते हुए कहा कि संगठन से लेकर सत्ता तक उनके संघर्ष से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।



