अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला का दर्शन पूजन अर्चन कर राममंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित किया। मुख्यमंत्री के साथ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपतराय, ट्रस्टी डॉ अनिल मिश्र और राममंदिर प्रबंधन का कार्य देख रहे गोपाल राव मौजूद रहे।
प्रभु श्रीराम का राज्याभिषेक कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला राममंदिर पहुंचा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीराम का दर्शन पूजन किया। प्रथम तल पर स्थापित रामदरबार में शीश झुकाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद राममंदिर के मुख्य द्वार के सामने स्थित स्थल पर एक दीप प्रज्वलित कर प्रभु श्रीराम का स्मरण किया।
प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक पर आकाश मंडल से हुई पुष्पवर्षा
एक बार फिर अयोध्या राममय हुई, त्रेतायुग साकार हो गया। प्रभु श्रीराम माता जानकी भ्राता लक्ष्मण और परम सेवक हनुमान के साथ पुष्पक विमान रूपी हेलिकाप्टर सरयू तट स्थित रामकथा पार्क हेलीपैड पर उतरा तो मानो साक्षात प्रभु श्रीराम की प्राचीन अयोध्या का प्रत्यक्ष दर्शन हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीराम और भाई भरत और शत्रुघ्न का मिलन कराया। यह भरत मिलाप का दृश्य मन को छू गया। भरत मिलाप के बाद प्रभु श्रीराम माता सीता चारों भाइयों गुरु वशिष्ठ और हनुमान के साथ रथ पर सवार हुए। रथ को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं खींचकर रामकथा पार्क में राज सिंहासन पर विराजमान कराया।
प्रभु श्रीराम का राज्याभिषेक अयोध्या के संत महंत धर्माचार्य, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास, महासचिव चंपतराय, जन प्रतिनिधियों के साथ समारोह पूर्वक किया। इस अवसर पर आकाश मंडल से पुष्प वर्षा होती रही। राज्याभिषेक समारोह को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और धर्माचार्यों ने किया। राज्याभिषेक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत महंत धर्माचार्यों का सम्मान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दीपोत्सव 500 वर्षों के अंधकार को समाप्त करने का प्रतीक है। जब दीपोत्सव शुरू हो तो प्रभु श्रीराम टेंट में थे और आज भव्य राममंदिर में विराजमान हैं। राममंदिर सांस्कृतिक आजादी का प्रतीक है। आजादी के बाद राममंदिर ताला में बंद था।
आस्था तब भी रुकी नहीं। आज उसी का परिणाम है अयोध्या में भव्य दिव्य राममंदिर। अयोध्या राममंदिर पहुंचने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री है। कांग्रेस ने राम को काल्पनिक बताया और सपा सरकार ने रामभक्तों पर गोली चलवाई। आज सनातन संस्कृति फल फूल रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा ने गोली चलवाई, हमने दीप जलाया। उन्होंने ताला लगवाया हमने भव्य राममंदिर बनवाया। आज भी कुछ लोग भारत की अखंडता पर प्रहार कर रहे हैं। आज का भारत आस्था का अपमान करने वाले को नकार दे रहा है।
अयोध्या भारत की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित हो रही है। आज पूरी दुनिया अयोध्या आ रही और राममंदिर में राम का दर्शन कर रही है। आज स्वदेशी अपना कर भारत आत्मनिर्भर से विकसित भारत बनने की और अग्रसर है। आज प्रदेश में रामराज्य की परिकल्पना साकार हो रही है। दैहिक दैविक भौतिक सभी कष्टों को सरकार दूर कर रही है।



