कांग्रेस विधायक महेन्द्रजीत सिंह मालवीय भाजपा में शामिल

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस विधायक महेन्द्रजीत सिंह मालवीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर मालवीय को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। इस अवसर पर जोशी, पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डा़ अरुण चतुर्वेदी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, पार्टी के वरिष्ठ नेता नारायण पंचारिया आदि ने मालवीय को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।

इस मौके पर जोशी ने कहा कि भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) से जुड़े एवं सांसद रहे एवं चार बार विधायक चुने गए मालवीय ने मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। भाजपा में शामिल होने के बाद मालवीय ने मोदी के कार्यो की तारीफ करते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के 370 एवं एनडीए गठबंधन की चार सौ सीटें जीतने के लक्ष्य को पूरा करने का आह्वान किया।

उन्होंने मोदी से अपील करते हुए कहा कि प्रसिद्ध मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके राष्ट्रीय स्मारक घोषित होने पर ही यहां शहीद हो गए लोगों को सच्ची श्रद्धाजंलि होगी। उन्होंने कहा कि वांगड़ क्षेत्र में रेलखण्ड को भी पूरा किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि रविवार को नई दिल्ली में भाजपा के अधिवेशन में मोदी ने जो भाषण दिया उससे देश ही नहीं पूरी दुनियां को दिखा दिया। मालवीय ने कहा कि इससे प्रभावित होकर उन्होंने अपने पुराने घर में लौटाने का मन बनाया। उल्लेखनीय है कि मालवीय बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक हैं।