सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में पत्नी की हत्या कर उसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की साजिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सानौधा थाना क्षेत्र के चनाटौरिया टोल टैक्स प्लाजा के पास कार में आग लगने की घटना को पहले हादसा बताया गया था, लेकिन जांच में यह मामला हत्या का निकला।
गढ़ाकोटा निवासी आरोपी डॉक्टर अपनी पत्नी को कार में लेकर मौके पर पहुंचा था और घटना से पहले मायके पक्ष को फोन कर पत्नी को हार्ट अटैक आने की बात कही थी। बाद में कार में आग लगने को दुर्घटना बताया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी के किसी अन्य महिला से संबंध थे, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। इसी के चलते आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची और घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी डॉक्टर सहित उसके सहयोगी नीलेश कुर्मी, रामकृष्ण कुर्मी और शुभम कुर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने इस अपराध में शामिल होने के लिए सहयोगियों को दो-दो लाख रुपए का लालच भी दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



