श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में सूरतगढ़ रोड स्थित जिला अस्पताल पुलिस चौकी में तैनात कांस्टेबल संदीपकुमार (30) और उसकी पुत्री राधा (पांच) की जोधपुर जिले के फलोदी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी पूनम (29) सहित दो अन्य लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 911 पर फलोदी और रामदेवरा के बीच एक बलेनो कार और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर से बलेनो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई।
सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में कार में सवार कांस्टेबल संदीप कुमार और उनकी छोटी बेटी राधा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी पूनम और पिकअप चालक भूराराम (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से फलोदी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जोधपुर भेज दिया गया।



