जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकायों की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगभग 25 हजार संविदा सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी।
स्वायत्त शासन विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 24 हजार 752 संविदा सफाई कर्मचारियों की इस भर्ती के लिए 15 अगस्त से 28 सितम्बर तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। भर्ती राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 एवं समय-समय पर संशोधित प्रावधानों के अनुसार की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थी राजस्थान का मूल निवासी होना चाहिए और संविदा सफाई कर्मचारी पद के लिए कोई शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है।
संविदा सफाई कर्मचारी पदों पर चयन सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा विकसित ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से लॉटरी प्रक्रिया द्वारा किया जाएगा। चयन में प्राथमिकता संबंधित नगरीय निकाय में एक वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को दी जाएगी। यदि पद रिक्त रहते हैं तो संबंधित जिले की अन्य नगरीय निकायों में अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों तथा उसके बाद राज्य की अन्य नगरीय निकायों में अनुभव रखने वाले पात्र अभ्यर्थियों को लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा पूर्व की सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रियाओं के संबंध में पारित ऐसे आदेश, जिनमें याचिकाकर्ताओं को भर्ती में प्राथमिकता अथवा नियमितीकरण के निर्देश दिए गए हैं, के प्रकरणों में नियमानुसार प्राथमिकता प्रदान की जाएगी, बशर्ते संबंधित अभ्यर्थी उसी नगरीय निकाय में आवेदन करे।



