चेन्नई। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से अभिनेता सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा के बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी अपने समर्थन की घोषणा की है।
पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि माकपा विधायक दल के नेता आर चेल्लास्वामी ने शुक्रवार को राज्यपाल को इस संबंध में समर्थन पत्र सौंप दिया है।
पार्टी की राज्य समिति के सचिव पी शनमुगम के निर्देशों पर जारी इस बयान में कहा गया है कि माकपा के दोनों विधायक राज्य में सरकार गठन के लिए जोसेफ विजय के नेतृत्व को समर्थन देंगे। माकपा ने स्पष्ट किया है कि विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद तमिलनाडु की जनता के लिए एक स्थिर और लोकतांत्रिक शासन सुनिश्चित करने के हित में यह फैसला लिया गया है।
इससे पहले भाकपा ने भी आज बयान जारी कर बताया कि उसके विधायक दल के नेता टी. रामचंद्रन ने इस संबंध में तमिलनाडु के राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंप भी सौंप दिया है। पार्टी ने कहा कि यह निर्णय तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद राज्य में एक स्थिर, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक सरकार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
इस बीच इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की प्रदेश इकाई ने अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा है कि वह द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के गठबंधन के साथ ही रहेगी, जो यह संकेत देता है कि वह टीवीके को अपना समर्थन नहीं देगी।
पार्टी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट किया है जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. केएम कादर मोहिदीन और एम. के स्टालिन को साथ-साथ दिखाया गया है। पोस्ट में लिखा गया है कि हम कल भी यहां थे, हम आज भी यहाँ हैं और हम कल भी यहीं रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, उसने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है, लेकिन विजय के दो सीटों पर जीत दर्ज करने के कारण प्रभावी सीटों की संख्या 107 है। 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत तलाश रही टीवीके को कम से कम 11 और विधायकों की और जरूरत है, जिसके लिए वह विभिन्न दलों से संपर्क कर रही है।
ऐसे में दो-दो सीटों पर जीत दर्ज करने वाली माकपा और भाकपा द्वारा दिया गया समर्थन टीवीके को बहुमत के आंकड़े के और करीब ले जाता है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने पहले ही अपने पांच विधायकों के साथ टीवीके को समर्थन देने की घोषणा की है। अब इन दोनों दलों के समर्थन के साथ टीवीके बहुमत के आंकड़ों से बस दो सीट दूर है।
हालांकि, दो सीटों पर जीत दर्ज करने वाली आईयूएमएल ने द्रमुक गठबंधन में रहने की घोषणा की घोषणा की है, लेकिन विजय की पार्टी विदुथलाई चिरुथैगल कच्ची (वीसीके) के साथ बातचीत कर रही है, जिसके पास दो विधायक हैं। विसीके के समर्थन से टीवीके बहुमत के आंकड़े को पार कर जाएगी, ऐसे में यह बातचीत काफी अहम हो गई है।



