बड़वानी में पेट्रोल पंपों पर भीड़, विवाद में पुलिस कांस्टेबल से मारपीट

0

बड़वानी/खरगोन। मध्य प्रदेश के बड़वानी और खरगोन जिलों में प्रशासन की अपील के बावजूद पेट्रोल पंपों पर ईंधन के लिए वाहन चालकों की भीड़ बनी रही। इस दौरान बड़वानी जिले के जुलवानिया स्थित एक पेट्रोल पंप पर विवाद के चलते एक वाहन चालक ने पुलिस कांस्टेबल से मारपीट कर दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जुलवानिया थाना प्रभारी रामकुमार पाटिल ने बताया कि आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे एक युवक को लाइन में लगने की समझाइश दी गई थी। इस दौरान आरक्षक अखिलेश ने उसकी मोटरसाइकिल हटाई, जिससे विवाद बढ़ गया।

आरोपी ने मोटरसाइकिल गिरने पर टंकी का ढक्कन फेंककर आरक्षक के चेहरे पर मार दिया, जिससे उसे चोट आई। घटना के बाद आरोपी युवक अपना दोपहिया वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि जिले में आज एक लाख पांच हजार लीटर पेट्रोल और एक लाख दस हजार लीटर डीजल की नई खेप प्राप्त हुई है। वर्तमान में 112 संचालित पेट्रोल पंपों पर लगभग पांच लाख तैंतीस हजार लीटर पेट्रोल और पांच लाख पच्चीस हजार लीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। पेट्रोल की खपत एक लाख सत्तर हजार लीटर और डीजल की खपत एक लाख छियानवे हजार लीटर बताई गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खुले पात्रों में ईंधन नहीं दिया जाएगा और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

उधर खरगोन जिले में एसडीएम वीरेंद्र कुमार कटारे ने पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि दुपहिया वाहनों को दो से तीन लीटर पेट्रोल, निजी चार पहिया वाहनों को अधिकतम एक हजार रुपए तक का पेट्रोल तथा दो हजार रुपए तक का डीजल ही दिया जाए, ताकि सभी नागरिकों को समान रूप से ईंधन मिल सके। साथ ही अफवाह फैलाने या सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी प्रसारित करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिले में कुल 161 पेट्रोल पंप संचालित हैं।