ब्यावर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशहरा पर गुरुवार को अजमेर संभाग में वंदे गंगा जल संरक्षण जन-अभियान का शुभारंभ किया।
ब्यावर प्रभारी मंत्री दिया कुमारी ने ब्यावर कलेक्ट्रेट से इसका शुभारंभ किया और इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थान में जल संरक्षण कोई विकल्प नहीं बल्कि आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन और घटते भूजल स्तर के संकट से निपटने के लिए हमें जन सहयोग से बड़ा अभियान चलाना होगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह अभियान पांच से 20 जून तक राज्यभर में चलेगा। उन्होंने कहा कि ‘वंदे गंगा’ अभियान पूरे राजस्थान में हरित चेतना और जल संरक्षण की नई क्रांति लाएगा। उन्होंने कहा कि पानी बचाओ -भविष्य बचाओ। क्योंकि हर बूंद की कीमत है, हर नागरिक की ज़िम्मेदारी है।
इस कार्यक्रम में ब्यावर निवासी कार्तिकेय देवड़ा द्वारा बनाए गए प्लास्टिक के विकल्प के रूप में पर्यावरण अनुकूल थैलों का विशेष प्रदर्शन किया गया। उपमुख्यमंत्री ने इस स्टार्टअप को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल बताते हुए इसे राज्य सरकार का समर्थन देने की बात कही। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर हरित संदेश दिया तथा सभी नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं जल बचत का संकल्प लेने की अपील भी की।
कार्यक्रम में राजसमंद सांसद महिमा कुमारी सिंह, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।