अलवर। राजस्थान में अलवर के सदर थाना क्षेत्र में एक उप प्रधानाचार्य की उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शालीमार क्षेत्र में विक्रम सिंह गोठवाल परिवार सहित रह रहे थे। वह तिजारा के गेलपुर स्थित राजकीय विद्यालय में उप प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे। दो दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार शाम उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार विक्रम सिंह पूरी तरह स्वस्थ थे और अचानक तबीयत बिगड़ने से परिवार सदमे में है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत
अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में डेढ़ महीने पहले एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई छोटेलाल बैरवा ने रविवार को बताया कि करीब डेढ महीने पहले सोहनलाल मोटर साइकिल से मंडावर से अपने गांव लौट रहा था तभी वह एक कार की चपेट में आकर गम्भीर रूप से घायल हो गया।
उसे पहले अलवर और फिर जयपुर के एसएमएस ट्रॉमा सेंटर एवं बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां लंबे इलाज के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। इसके बाद परिजन उसे घर ले आए और शनिवार देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।



