धौलपुर : युवती के पार्वती नदी में कूदने की आशंका के चलते तलाशी अभियान जारी

1

धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में बजहेरा गांव में आयोजित भागवत कथा के दौरान एक युवती के अचानक पार्वती नदी में कूदने की आशंका से हड़कंप मच गया है। गुरुवार शाम हुए इस हादसे के बाद राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) द्वारा शुरू किया गया बचाव कार्य सुबह से जारी है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गांव में आयोजित भागवत कथा के दौरान शाम को एक युवती अचानक कथा से उठकर चली गई। उसकी तलाश की गई तो पार्वती नदी के किनारे उसकी चप्पले और कपड़े मिले। इस पर उसके नदी में कूदने की आशंका के चलते पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की सूचना पर युवती के मायका और ससुराल पक्ष के लोग भी नदी किनारे पहुंच गए। युवती के पिता ने आशंका जताई है कि ससुराल पक्ष में किसी बात को लेकर विवाद होने के कारण उसने यह कदम उठाया होगा।

हालांकि पुलिस ने अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है लेकिन वह सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। युवती करीब डेढ़ महीने पहले ही आगरा जिले के करण सिंह के साथ वैवाहिक सूत्रों में बंधी।