जयपुर। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा में दस हजार भर्ती निकालने की घोषणा के विरुद्ध शिक्षा विभाग विभिन्न वर्गों की 15 हजार 444 पदों की भर्तियां करने जा रहा है जिनकी प्रक्रिया पूर्ण होने पर नियुक्ति दे दी जाएगी।
दिलावर ने विभिन्न भर्तियों के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अध्यापक (संस्कृत शिक्षा) के कुल 3944 पदों पर भर्ती प्रक्रियाधिन है। प्राध्यापक स्कूल शिक्षा के विभिन्न विषयों में 3944 पदों के लिए आगामी 21 मई से 16 जून तक परीक्षा आयोजित करने की तिथि निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अध्यापक (विभिन्न विषय) के कुल 6500 पदों पर भर्ती के लिए 12 से 18 जुलाई तक परीक्षा आयोजित करने की तिथि निर्धारित की गई है। अध्यापक (लेवल प्रथम) के पांच हजार पदों पर भर्ती के लिए गत सात जनवरी को परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। आयोजित परीक्षा की 27 फरवरी को उत्तर कुंजी जारी की जाकर आपत्तियां आमंत्रित की गई।
इस प्रकार प्रकार स्कूल शिक्षा विभाग में दस हजार पदों की बजट घोषणा के विरुद्ध विभिन्न विषयों के कुल 15 हजार 444 पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने पर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाएगी।
स्कूलों में प्रभावी पीटीएम आयोजन को लेकर ट्रेनिंग मे शामिल करने के निर्देश
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा बुधवार को कहा कि प्रभावी पेरेंट-टीचर मीटिंग (पीटीएम) आयोजन से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और साथ ही अभिभावक और शिक्षकों के संवाद से बेहतर परिणाम आएंगे।
दिलावर बुधवार को सरकारी विद्यालयों में मेगा पीटीएम का अवलोकन के बाद गोनेर स्थित शिक्षा विभाग के राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीमेट) औचक निरीक्षण किया और यह बात कही। इस दौरान उन्होंने सीमेट की निदेशक मोनिका बलारा से जानकारी ली और स्कूलों में प्रभावी पीटीएम आयोजन को लेकर ट्रेनिंग मे शामिल करने के निर्देश दिए। सीमेट प्रभावी पीटीएम आयोजन के लिए स्कूल प्रिंसिपलों को प्रशिक्षण देगा।
इससे पहले दिलावर ने पीएम श्री राजकीय आदर्श बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गणगौरी बाजार जयपुर पहुंचकर विद्यालय में मौजूद अभिभावकों से चर्चा की और बच्चों से भी मिले। उन्होंने बच्चों के परीक्षा परिणाम का बारीकी से विश्लेषण किया और विषयवार शिक्षकों से भी मिले। इसके बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ब्रह्मपुरी में भी मेगा पीटीएम का अवलोकन किया।



