अलवर में नाले के ऊपर बिक रही कढ़ी-कचौरी की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई

0

अलवर। राजस्थान में अलवर शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को नंगली सर्किल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नाले के ऊपर संचालित कढ़ी-कचौरी की दुकानों पर छापेमारी की।

विभाग ने दुकानों की स्वच्छता जांची और कढ़ी, कचौरी और हींग के पानी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। कई दुकानों पर गंदगी मिलने पर नोटिस भी जारी किए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी केशव गोयल ने बताया कि इन दुकानों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कलेक्टर के निर्देश पर विशेष अभियान चलाकर जांच की गई। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता मानकों का उल्लंघन मिलने पर दुकानदारों को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।