उदयपुर। राजस्थान में उदयपुर के अम्बामाता थाना क्षेत्र में शनिवार को पूर्व सांसद महावीर भगोरा के पुत्र आशीष भगोरा ने घर में निजी पुस्तकालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एकलव्य कालोनी के आवास में भगोरा के कक्ष में उनका निजी पुस्तकालय था। सुबह जब उनके बच्चे उनके पास आए, तो उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। उन्होंने खिड़की से झांका तो वह तौलिये के फंदे से लटके मिले। इस पर तुरंत परिजन और पुलिस को सूचित किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। शाम को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि उन्होंने आत्महत्या ही की है। भगोरा ने तौलिया का फंदा बनाया और उससे लटककर आत्महत्या कर ली। कमरे से हालांकि मृत्यु पूर्व पत्र नहीं मिला है, लेकिन आशीष का मोबाइल फोन और अन्य सामान जांच के लिए जब्त किया गया है।
आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। बताया जाता है कि आशीष भगोरा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है।
महावीर भगोरा उदयपुर की राजनीति में जाना-माना नाम थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रहे महावीर ने विधायक, राज्य मंत्री और सांसद के रूप में लंबा राजनीतिक सफर तय किया था। वर्ष 2021 में उनका कोराेना से निधन हो गया था।