राजस्थान के पूर्व सरकारी मुख्य सचेतक महावीर प्रसाद जैन का निधन

जयपुर। राजस्थान के पूर्व सरकारी मुख्य सचेतक महावीर प्रसाद जैन का शनिवार को निधन हो गया। वह करीब 77 वर्ष के थे। जैन लम्बे समय से बीमार चल रहे थे और उन्होंने टोंक जिले के निवाई में अंतिम सांस ली। निवाई के मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उनके निधन पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। देवनानी ने कहा कि जैन कुशल जन प्रतिनिधि थे। उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई हैं। उन्होंने कहा कि जैन राजस्थान की राजनीति में योगदान अविस्मरणीय रहेगा।

जैन का निधन भाजपा और राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति

राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सरकारी मुख्य सचेतक महावीर प्रसाद जैन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।इस अवसर पर जोशी ने कहा कि जैन राजस्थान की राजनीति में लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह हंसमुख स्वभाव, व्यवहार कुशल एवं कुशल संगठनकर्ता थे।

उन्होंने अपना जीवन वंचितों के सशक्तीकरण के लिए समर्पित किया। हम सब कार्यकर्ताओं को उनसे प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि जैन का निधन भाजपा परिवार और राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने की प्रार्थना की।