भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के शक्करगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक वृद्धा के अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान भूमि को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशनगढ़ पंचायत के भीमपुरा गांव में धापू देवी गुर्जर के निधन के बाद जब परिजन शव लेकर श्मशान पहुंचे, तो दूसरे पक्ष ने भूमि को निजी खाते की बताते हुए दाह संस्कार पर आपत्ति जताई।
विवाद इतना बढ़ गया कि अंतिम संस्कार रुक गया और करीब तीन घंटे तक शव मौके पर ही रहा। ग्रामीणों का तर्क था कि पीढ़ियों से इसी स्थान पर दाह संस्कार किया जा रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे अपनी मिल्कियत बता रहा था। सूचना मिलते ही तहसीलदार रवि कुमार मीणा, नायब तहसीलदार बद्रीलाल मीणा और पुलिस बल मौके पर पहुंचे।
सूत्रों ने बताया कि तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच लंबी वार्ता के बाद सहमति बन गयी और पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में विधि-विधान से वृद्धा का दाह संस्कार संपन्न करवाया गया।
भविष्य में ऐसे विवादों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए तहसीलदार ने सख्त कदम उठाते हुए नायब तहसीलदार एवं पटवारी को तत्काल गांव में उपयुक्त सरकारी भूमि चिह्नित करने और श्मशान घाट के लिए विधिवत आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।



