गजेन्द्रसिंह शेखावत ने साधा गहलोत सरकार पर निशाना

सिरोही के जावाल में जनआक्रोश महासभा को सम्बोधित करते केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। जावाल के कबूतर चौक में आयोजित जन आक्रोश महासभा को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आरोप लगाया कि  प्रदेश कांग्रेस सरकार को हर मोर्चे पर विफल है। आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे होने के राज्य कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाकर कहा कि राज्य की विभिन्न परीक्षाओं के पेपर आउट करने वालों को संरक्षण देकर बचाने वाले लोग युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

शेखावत ने कहा कि आज देश का नेतृत्व सुरक्षित हाथों में है लेकिन, राज्य की बागडोर ऐसे लोगों ने संभाल रखी है जो प्रदेश के विकास को अवरुद्ध करके जुल्म अत्याचार को बढ़ावा देकर राज्य को अपराध का गढ़ बना रहे हैं। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री गहलोत पर निशाना साधकर जनता के साथ वादाखिलाफी करने के आरोप लगाए और कहा कि महिला अत्याचार के मामले में देश में अव्वल नंबर पर है। सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने बेरोजगारों को नौकरी और भत्ता देने की बात कही इसी प्रकार बिजली दर सस्ती करने की बजाय महंगी की है। किसानों को ऋण माफी का छलावा दिया, देशभर में महिला और अनुसूचित जाति जनजाति के प्रति अपराध सबसे अधिक राजस्थान में हो रहे हैं। भूमाफिया बढ़ गए हैं इसी प्रकार गैंगवार, बजरी माफिया,अवेध खनन, तस्करी तथा करोली,जोधपुर आदि कई जगह दंगे भड़काकर  प्रदेश का माहौल खराब किया गया है। कहा कि मुख्यमंत्री समस्या से मुकाबला करने के बजाय अपनी लाचारी प्रकट कर रहे हैं यह शर्मनाक है।

शेखावत ने सरकार पर हमला बोलकर कहा कि इनके मंत्री बेलगाम है और इनके मंत्री शांति धारीवाल जैसों ने महिलाओ के रेप मामलों पर प्रदेश के सूरमाओ, वीरों को अपमानित करने जैसा बयान देकर घृणित कृत्य किया है। जनता कांग्रेस के  कुशासन, भ्रष्टाचार व जंगलराज से परेशान है।

शेखावत ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के पास स्कूलों के भवन बनाने, खेतों में पानी देने, बिजली सस्ती करने, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, सड़कों की दुर्दशा सुधारने आदि के लिए पैसा नहीं है और अब 12500 करोड़ के दुश्मन देश चाइना से मोबाइल मंगवाकर फ्री बांटने स्कीम लाने की योजना बनाकर जनता के पैसों की बर्बादी करने का कुचक्र चलाया है।

गजेंद्रसिंह शेखावत ने स्थानीय निर्दलीय विधायक लोढ़ा पर निशाना साधकर जल जीवन मिशन केंद्रीय योजना में सिरोही जिले के फिसड्डी साबित होने के आरोप लगाकर कहां की मात्र 12 प्रतिशत वाला फैलियर आदमी सीएम का सलाहकार क्या भला करेगा। सभा मे कुछ महिलाओं के पीने के पानी की समस्या को लेकर स्थानीय विधायक के प्रति रोष जाहिर करने की ओर इशारा कर कहा कि यह दुर्भाग्य है कि केंद्र सरकार द्वारा दिए जाने वाले पैसों का जनहित में उपयोग नहीं किया गया। उन्होंने चुटकी लेकर विधायक की ओर सवाल दागा की इतना काम करते थे की आप सो गए थे फिर केंद्र से पीने का पानी पहुंचाने के मामले में देश में 40, प्रदेश में 23, लेकिन सिरोही में मात्र 12प्रतिशत ही काम क्यों हुआ।

शेखावत ने कहा कि राजस्थान को मोदी सरकार ने नर्मदा का पानी उपलब्ध करवाया है। जिला भाजपा नेताओं की ओर से दिए जिले को पानी की  परियोजना के मांग ज्ञापन पर कहा कि गुजरात सरकार से बात चल रही है माही में हिस्सा सिरोही को मिले। 32 नाला कार्य की लेटलतीफी को सरकार की कारस्तानी बताया और कहा कि इसका श्रेय बीजेपी को मिले इसलिए विलंब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जवाई पुनर्भरण बढ़ाने के लिए कहा गया है यह राज्य सरकार के अधिकार का है और उसे जनहित में करना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री मंत्री ने सभा में उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि केंद्र की लाभकारी योजनाओं की फेहरिस्त इतनी लंबी है कि मैं सुनाने लगु तो आप थक जाओगे, इसलिए अगली बार मुझे पार्टी बुलाएगी तब मैं आपको उस सभा मे विस्तार से उनके बारे में बताऊंगा, आज तो राज्य सरकार की कारगुजारीयों को उजागर करूंगा।
सांसद देवजी पटेल ने राज्य कांग्रेस के 4 साल बेमिसाल को ढकोसला बताकर उसे विकास विरोधी बताया। सांसद ने निर्दलीय लोढ़ा को तथाकथित संबोधित कर केंद्र की योजना में हो रहे कार्य को अपने खाते में गिनाने के आरोप लगाए। सांसद ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय का प्रपोजल भेजो फिर बात करो।इसी प्रकार भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित, पूर्व राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, पाली विधायक ज्ञानचंद पारख आदि ने राज्य कांग्रेस सरकार को प्रदेश से विदा करने के लिए सभी से एकजुट होने का आह्वान किया।
सभा को विधायक समाराम गरासिया,जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, यात्रा संयोजक दिलीपसिंह मांडानी, प्रधान हसमुख मेघवाल, उपाध्यक्ष नारायण देवासी, अशोक पुरोहित, गणपतसिंह राठौर, मांगूसिंह बावली, तुलसीराम पुरोहित आदि ने भी संबोधित किया। संचालन जिला महामंत्री योगेंद्र गोयल ने किया। इससे पूर्व भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री का 51 किलो के पुष्प माला के साथ तलवार, साफा, दुपट्टा आदि पहनाकर स्वागत सत्कार किया गया।

आक्रोश सभा में वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीमती तारा भंडारी, शिवगंज प्रधान ललिता कुंवर, नितिन बंसल, पूर्व जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया, अरुण ओझा, ताराराम माली, ठा. रामवीरसिंह,छगनलाल घांची, मंडल अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल, गणेश पुरोहित, नारायणसिंह देलदर, कुपाराम देवासी, प्रताप परमार, हिदाराम माली, नरपतसिंह राडबर,विस्तारक दिलीप दवे रक्षा भंडारी, गंगासिंह राठौड़, सूरजपालसिंह, अमराराम प्रजापत, श्रीमती अंशु वशिष्ठ, कांतिलाल पुरोहित, परमवीरसिंह, हिम्मत नागर, लक्ष्मण पुरोहित, निंबाराम देवासी,महेंद्र पुरोहित, हीरेंद्रपाल सिंह, माधोसिंह, नैनसिंह पुरोहित, मगनलाल मीणा, जबरसिंह, चिराग रावल, अशोक टाइगर, गोविंद पुरोहित समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि व आमजन मौजूद थे।

तारा भंडारी की कुशलक्षेम पूछते गजेन्द्रसिंह शेखावत।

-इनसे मिले शेखावत
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत अपने एकदिवसीय दौरे के दौरान सिरोही सिरोही में जिले की वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीमती तारा भंडारी से मिलने पहुचे। शांति नगर में पूर्व विधायक श्रीमती तारा भंडारी से मुलाकात करते हुए उनके स्वास्थ्य और तबीयत की जानकारी प्राप्त करके कुशलक्षेम जानी।  उन्होंने कुछ विधानसभा की पुरानी यादो को स्मरण किया। इस मौके पर भंडारी ने केंद्रीय मंत्री को साफा शॉल और कुछ पेट देकर स्वागत किया इस मौके पर उनकी पुत्रवधू रक्षा भंडारी एवं पुत्र सिद्धार्थ भंडारी ने भी माल्यार्पण किया। भंडारी से मुलाकात के दौरान जिला उपाध्यक्ष नारायण, पुरोहित, सांसद देवजी पटेल, पूर्व मंत्री ओटाराम देवासी, महिला मोर्चा की श्रीमती रक्षा भंडारी, नगर अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष लुंबाराम चौधरी ताराराम माली, रजत जैन आदि मौजूद थे। इसके बाद शेखावत केसर विलास में पूर्व नरेश रघुवीरसिंह देवड़ा से मिलने पहुंचे।

सिरोही के गोयली चौराहे पर गजेन्द्रसिंह शेखावत का अभिनन्दन करते भाजपा पदाधिकारी।

सिरोही में केंद्रीय मंत्री के प्रवेश पर गोयली चौराहे पर नगर पदाधिकारियों ने साफा दुपट्टा आदि पहनाकर केंद्रीय मंत्री का स्वागत सत्कार कर अगवानी की। नगर अध्यक्ष सहित गणपतसिंह राठौड़, चिराग रावल, जब्बरसिंह चौहान, ललित प्रजापत, कपूराराम पटेल, अजय भट्ट आदि कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
जावाल जाने के दौरान मार्ग में गोयली गांव में पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मणसिंह, निंबाराम देवासी, नाथूसिंह सोलंकी, तेजसिंह, नाथूराम मेघवाल आदि के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने ढोल धमाकों से माला पहनाकर स्वागत किया। इसी प्रकार उड़ पहुंचने पर जल जीवन मिशन योजना में गांव में 7.19 करोड की राशि जारी करने पर लोगों ने मंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करके गांव के परमवीरसिंह, हिम्मत सेन, प्रकाश सुआरा, ओमसिंह आढ़ा, चुन्नीलाल घांची आदि बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने माला साफा आदि से स्वागत सत्कार किया। जावाल में भी स्थानीय कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से शेखावत का स्वागत सत्कार किया।

भाजपा जन आक्रोश यात्रा में ही नहीं बल्कि रविवार को आयोजित जन आक्रोश सभा में भी सम्मानित संख्या नहीं जुटा पाई। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री जो कि जोधुपर सम्भाग के ही हैं। सिरोही जोधपुर सम्भाग में  ही आता है। इसके बावजूद इनके नाम का ऐसा जादू सिरोही के लोगों पर नहीं चल सका कि केंद्रीय मंत्री होने के नाते श्रोताओं की सम्मानित संख्या जुटा पाएं।  महासभा नाम भले ही दे दिया हो लेकिन, इसमें नुक्कड़ सभा जितने लोग एकत्रित नहीं हो सके थे। सिरोही जिले में ये दूसरी जनआक्रोश महासभा थी और दोनो ही महासभाओं का यही हाल हुआ।

जावाल सिरोही विधानसभा में पड़ता है। ये भाजपा का गढ़ माना जाता है। सिरोही विधानसभा में भाजपा के सिरोही नगर, कृष्णगंज, कालन्द्री, बरलूट, जावाल, कैलाशनगर, पालड़ी, पोसालिया और शिवंगज नगर मंडल आते हैं। इनमे से कालन्द्री, बरलूट और जावाल एक दूसरे से 5 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर नहीं होंगे इसके बावजूद ये 9 मंडल केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की जन आक्रोश सभा में 900 लोग एकत्रित नहीं कर पाए। आमतौर पर केंद्रीय मंत्री की सभा में कम से कम दो से पांच हजार की संख्या सम्मानित संख्या मानी जाती है। लेकिन, यहां पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का नाम एक हजार लोगों पर अपना जादू नहीं चला पाए कि इतने लोग एकत्रित हो जाएं।

सिरोही विधानसभा में मुख्य भाजपा समेत युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, एससीएसटी मोर्चों को जोड़ लेवें तो कुल 8 सन्गठन होते हैं। 9 मंडलों में 8 संगठनों में प्रत्येक में  31 पदाधिकारी हैं। अगर सिर्फ इन्हीं को जोड़ लेवें तो महासभा में एकत्रित लोगों की संख्या ही 2232 हो जाती है। जिले के 8 संगठनों के पदाधिकारी भी जोड़ लेवें तो ये संख्या बढ़कर करीब 2500 हो जाती है। महासभा में मंडल के के पदाधिकारियों आधे लोग भी एकत्रित नहीं हो पाए। फिर जनता का सरकार के खिलाफ आक्रोश दिखाने के।लिए अयोजित इस सभा में कितने आम नागरिक होंगे ये अन्दाजा लगाना मुश्किल नहीं है। लोगों के इतनी कम संख्या में एकत्रित होने की वजह सन्गठन में आपस में चल रही खींचतान भी प्रमुख वजह बताई जा रही है।

आक्रोश का एक नज़ारा तो सिरोही से गोयली की तरफ बढ़ते ही डिस्कॉम के कार्यालय पर लगे बैनर ओर नजर आया। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री के स्वागत में लगाये गए इस होर्डिंग को फाड़ दिया गया था। होर्डिंग जितनी ऊंचाई पर लगा था उससे स्प्ष्ट है कि इसे जानबूझकर अपना गुस्सा निकालने के लिये किसी ने फाड़ा था। अब ये गुस्सा भाजपा के खिलाफ था, मंत्री के खिलाफ था या फिर होर्डिंग लगाने वाले के खिलाफ था ये तो इस पर अपना गुस्सा निकालने वाले ही बता सकता है। केंद्रीय मंत्री के सिरोही जिले की सीमा में प्रवेश करते ही भाजपा नेताओं ने कई जगह स्वागत किया।