नई दिल्ली। विभिन्न राज्यों की पांच विधानसभा सीटों के उप चुनावों में आम आदमी पार्टी दो सीटें बरकरार रखने में सफल रही जबकि भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस ने एक-एक सीट जीती है।
चार राज्यों में 19 जून को हुए मतदान की सोमवार को हुई मतगणना में आप ने अपने शासन वाले पंजाब में लुधियाना पश्चिम सीट पर अपना कब्जा बनाए रखा। इसके साथ ही पार्टी ने गुजरात की विसावदर सीट पर सत्तारूढ भाजपा के विरुद्ध जीत दर्ज कर इस सीट को भी बरकरार रखा है। गुजरात में कडी सीट भाजपा के कब्जे में बनी रही। कांग्रेस पार्टी ने केरल में नीलाम्बूर सीट पर उलटफेर कर सत्तारूढ वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एनडीएफ) को शिकस्त दी।
लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर आप के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के भारत भूषण आशु को 10637 मतों के अंतर से हराया। अरोड़ा को 35179 और आशु को 24542 वोट मिले। इस सीट पर भाजपा के जीवन गुप्ता 20232 मतों के साथ तीसरे और शिरोमणि अकाली दल के एडवोकेट परुपकार सिंह घुम्मन 8203 मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे। यह सीट आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के कारण रिक्त थी।
आप नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना पश्चिम सीट की सफलता पर सोसल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा कि बड़ी बढ़त के साथ मिली जीत दर्शाती है कि राज्य की जनता हमारी सरकार के काम से बेहद खुश है।.. उपचुनाव के दौरान लोगों से किए गए हर वादे को हम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेंगे। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि आदमी पार्टी ने यह सीट जीतने के लिए पूरी सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया है।
गुजरात विधानसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में एक सीट भारतीय जनता पार्टी और एक आम आदमी पार्टी के खाते में गई है। राज्य विधानसभा की विसावदर सीट पर आप के इटालिया गोपाल ने भाजपा उम्मीदवार किरिट पटेल को 17554 मतों से हराया। आप उम्मीदावार को 75942 मत और भाजपा उम्मीदवार को 58388 मत मिले। कांग्रेस उम्मीदवार नितिन रणपारिया सिर्फ 5501 मत ही हासिल कर पाये।
राज्य की कडी (सुरक्षित) सीट पर भाजपा उम्मीदवार राजेन्द्रकुमार (राजूभाई) दनेश्वर चावड़ा ने कांग्रेस के रमेशभाई चावड़ा को 39452 मतों से पराजित किया। भाजपा उम्मीदवार को कुल 99742 मत और चावड़ा को 60290 मत हासिल हुए। इस सीट पर तीसरे स्थान पर रहे आप के जगदीशभाई गणपतिभाई चावडा को मात्र 3090 मत मिले।
केरल में कांग्रेस उम्मीदवार आर्यदान शौकत ने नीलाम्बुर सीट पर सत्तारूढ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के जोरदार चुनाव अभियान का सामना करते हुए सत्तारुढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार एम स्वराज को 11,077 मतों के अंतर से हराया। स्वराज की यह लगातार दूसरी हार है। वह 2021 के विधानसभा चुनाव में त्रिपुनितुरा सीट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के बाबू से 992 मत के छोटे अंतर से हार गए थे।
शौकत को 77,737 वोट मिले जबकि स्वराज को 66,660 मत प्राप्त हुए। इस सीट के पूर्व प्रतिनिधि एवं निर्दलीय उम्मीदवार पीवी अनवर को 19,760 और भाजपा के एडवोकेट मोहन जॉर्ज को 8,648 मत मिले। यह सीट अनवर के इस्तीफा देने से रिक्त थी। उन्होंने पिछला चुनाव एलडीएफ के समर्थन से जीता था लेकिन वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे और विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था।
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस जीत पर कहा कि हमने एक टीम के रूप में काम किया, हर एक ने प्रतिबद्धता और एक ही लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित किया, यही इस सफलता का सबसे महत्वपूर्ण सबक है। आर्यदान शौकत को हार्दिक बधाई, जिनके समर्पण और सेवा ने चमक बिखेरी है।
पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस के खाते में बनी रही। इस सीट पार्टी उम्मीदवार अलीफा अहमद विजयी रहीं। अलीफा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के आशीष घोष को 50049 मतों के अंतर से हराया। विजयी उम्मीदवार को 1,02,759 वोट मिले, जबकि घोष को 52,710 मत प्राप्त हुए। वाम मोर्चा समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार काबिलुद्दीन शेख को 28,348 मत मिले। अलीफा ने 2021 के विधानसभा चुनावों में अपने पिता नसीरुद्दीन अहमद के 47,000 के जीत के अंतर को भी पार किया है। यह सीट अहमद के निधन से रिक्त हुई थी।
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा कि कालीगंज विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में सभी धर्मों, सभी समुदायों, सभी जातियों और सभी वर्गों के लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और हमें भारी आशीर्वाद दिया। मैं उनके प्रति कृतज्ञतापूर्वक अपना सिर झुकाती हूं।