भीलवाड़ा। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत एक बार फिर सर्वसम्मति से राजस्थान बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष चुने गए। भीलवाड़ा में गुरुवार को बहुप्रतीक्षित राजस्थान बैडमिंटन संघ के चुनाव एक निजी होटल में संपन्न हुए।
निर्वाचन अधिकारी लाजपत आचार्य ने बताया कि सभी पदों के लिए एक-एक आवेदन प्राप्त होने के कारण पूरी कार्यकारिणी का चुनाव सर्वसम्मति से निर्विरोध हुआ। इसमें शेखावत को एक बार फिर सर्वसम्मति से संघ का अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने बताया कि उनके साथ ही केके शर्मा सचिव और जाकिर हुसैन को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
यह चुनावी प्रक्रिया भारतीय बैडमिंटन संघ के संयुक्त सचिव एवं पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी अनिल चोगले (पर्यवेक्षक), राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के पर्यवेक्षक एवं जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत और राजस्थान ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक रतनलाल शर्मा की सीधी निगरानी में गरिमामय माहौल में संपन्न हुई।
सहायक निर्वाचन अधिकारी जगदीश शर्मा ने बताया कि आगामी चार वर्षीय कार्यकाल के लिए अन्य पदाधिकारी भी निर्विरोध चुने गए। इसके तहत कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर कमल भंडारी, मनोज दासोत, राजेश गुप्ता, संजय फतेहपुरिया, नारायणदास पुरोहित और नरेंद्र खिलेरी को चुना गया।
संयुक्त सचिव पद पर रेणु लवानिया और कार्यकारी सदस्यों के रूप में दिनेश दिनकर, चंद्रेश शर्मा, गोविंद स्वामी, मनीष कुमार एवं ममता आर्य निर्विरोध निर्वाचित हुए।
नव-निर्वाचित सचिव केके शर्मा ने बताया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती देते हुए शेष बचे हुए समस्त जिला संघों के सचिवों को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा, चयन समिति के अध्यक्ष पद पर जेपी भट्ट को मनोनीत किया गया है।



