हनुमानगढ़ के भादरा में फर्जी बायोमेट्रिक्स से आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भादरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी बायोमेट्रिक से आधार कार्ड बनाने वाले एक गिरोह का खुलासा करके सैकड़ों एनरोलमेंट रसीदें और हाईटेक उपकरण बरामद किए हैं। इस संबंध में कुलदीप शर्मा, जसवंत और आमिर के खिलाफ फर्जी कागजात के आधार पर आधार सेंटर चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एटीएस/एजीटीएफ) दिनेश एमएन ने इस कार्रवाई का आज खुलासा करते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली कि भादरा में आर्य समाज धर्मशाला के पास एक सेंटर पर फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिसका उपयोग साइबर क्राइम एवं राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने सेंटर पर दबिश दी, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था।

उन्होंने बताया कि आरोपी कुलदीप शर्मा अन्य व्यक्तियों जसवंत और आमिर खां की ऑपरेटर आईडी का अवैध उपयोग कर रहा था। पुलिस को मौके से लाल और सफेद रंग के रबर पर बने डमी फिंगरप्रिंट मिले, जिनका उपयोग लॉगिन के लिए किया जाता था। आरोपी ने कागज पर आंखों की रेटिना की फोटो प्रतियां रखी हुई थीं, जिन्हें आईरिस डिवाइस के सामने रखकर बायोमेट्रिक सिस्टम को चकमा दिया जाता था।

एनरोलमेंट रसीदों पर जसवंत और आमिर खां के फर्जी हस्ताक्षर भी आरोपी स्वयं कर रहा था। इस तरह फर्जी तरीके से बनाए गए आधार कार्ड का उपयोग राष्ट्र विरोधी गतिविधियों, फर्जी सिम कार्ड जारी करवाने और साइबर अपराधों के लिए फर्जी बैंक खाते खुलवाने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता।