मिश्र, गहलोत, वसुंधरा सहित कई नेताओं ने पत्रकार मनोज माथुर के निधन पर जताया शोक

अजमेर/जयपुर। जी मीडिया नेटवर्क के डिजिटल एडिटर एवं वरिष्ठ पत्रकार मनोज माथुर का सोमवार देर रात ह्रदय आघात से निधन हो गया। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने वरिष्ठ पत्रकार मनोज माथुर के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मिश्र ने कहा कि उनका निधन हृदय विदारक है। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और उनके शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।गहलोत ने अपने शोक संदेश में कहा कि मनोज माथुर ने पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

पत्रकारिता में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की।

राजे ने कहा कि उनके निधन की खबर ने बहुत आहत किया है। वे एक अच्छे पत्रकार होने के साथ साथ नेकदिल और ईमानदार इंसान भी थे। उनका चले जाना पत्रकारिता जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को संबल प्रदान करने की कामना की।

इसी तरह पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष डा सतीश पूनियां सहित कई नेताओं ने माथुर के निधन पर दुख प्रकट किया।

अजमेर के मीडिया जगत में भी माथुर के निधन से शोक की लहर व्याप्त हो गई। सबगुरु न्यूज के संपादक विजय मौर्य, ज​र्नलिस्ट एसोसिएशन अजमेर के जिलाध्यक्ष अकलेश जैन, विनोद गौतम, अरुण बाहेती समेत कई पत्रकारों ने माथुर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। माथुर अजमेर के निवासी थे।